रेलवे ठेके में 36 लाख रुपए की ठगी, कटनी पुलिस ने आरोपी को पन्ना से किया गिरफ्तार, नकदी रुपए भी जब्त

रेलवे ठेके में 36 लाख रुपए की ठगी, कटनी पुलिस ने आरोपी को पन्ना से किया गिरफ्तार, नकदी रुपए भी जब्त

प्रेषित समय :13:54:02 PM / Sat, May 9th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

कटनी. रेलवे ठेके के नाम पर 36 लाख 30 हजार रुपए की धोखाधड़ी करने वाले एक आरोपी को एनकेजे पुलिस ने पन्ना जिले से गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के पास से ठगी की पूरी राशि और वारदात में इस्तेमाल की गई टोयोटा फॉर्च्यूनर कार भी जब्त कर ली है.

कटनी के एनकेजे थाना प्रभारी रूपेन्द्र राजपूत ने शनिवार को इस मामले का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि 5 मई 2026 को दुर्गाचौक निवासी 59 वर्षीय देवकीनंदन परौहा ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. पीडि़त ने बताया कि पन्ना निवासी तुलसी राम साहू उर्फ बोका साहू ने खुद को रेलवे का बड़ा ठेकेदार बताया था.

मोटा मुनाफे का दिया था लालच

आरोपी ने देवकीनंदन परौहा को झांसा दिया कि उसे पन्ना जिले के ग्राम सकारिया में रेलवे का एक बड़ा ठेका मिला है. उसने निवेश पर मोटा मुनाफा दिलाने का लालच दिया.  दस्तावेजों की हेराफेरी कर आरोपी ने पीडि़त से कुल 36 लाख 30 हजार रुपए ठग लिए. शिकायत की प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया. एनकेजे पुलिस ने कटनी साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्य जुटाए. इससे आरोपी की लोकेशन पन्ना जिले के थाना शाहनगर के पास मिली. पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में ले लिया.

आरोपी ने जुर्म कबूला, राशि भी बरामद

कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी तुलसी राम साहू ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया. पुलिस ने उसके कब्जे से ठगी गई पूरी राशि 36 लाख 30 हजार रुपए नकद और धोखाधड़ी में इस्तेमाल की गई लग्जरी टोयोटा फॉर्च्यूनर कार जब्त की है. पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय कटनी के समक्ष पेश किया है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-