राजस्थान: एंबुलेंस में ऑक्सीजन खत्म, मरीज की तड़प-तड़पकर मौत, हॉस्पिटल के बाहर परिजन धरने पर बैठे

राजस्थान: एंबुलेंस में ऑक्सीजन खत्म, मरीज की तड़प-तड़पकर मौत, हॉस्पिटल के बाहर परिजन धरने पर बैठे

प्रेषित समय :17:32:58 PM / Sun, May 10th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

पाली. राजस्थान के पाली से जोधपुर रेफर किए गए मरीज की एंबुलेंस में तड़प-तड़प कर मौत हो गई. परिजन उसी एंबुलेंस में बॉडी को लेकर वापस बांगड़ हॉस्पिटल पहुंचे और मॉर्च्युरी के बाहर धरने पर बैठ गए. परिजनों का आरोप है कि ड्राइवर की गलती के कारण बेटे की जान चली गई.

बांगड़ हॉस्पिटल से रविवार 10 मई को ऑक्सीजन सपोर्ट पर मरीज को 108 एंबुलेंस से जोधपुर रेफर किया गया. 20 किलोमीटर दूर जाते ही एंबुलेंस में रखे सिलेंडर से ऑक्सीजन सप्लाई बंद हो गई. ड्राइवर ने दूसरा सिलेंडर मंगवाया, लेकिन तब तक मरीज अपने भाई की गोद में तड़प-तड़पकर दम तोड़ चुका था.

हालांकि 108 एंबुलेंस के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर का कहना है कि गाड़ी में ऑक्सीजन थी, लेकिन सिलेंडर की चूड़ी में किसी प्रकार की समस्या आने से सप्लाई प्रभावित हुई. जांच करवा रहे हैं. परिजनों की शिकायत पर सीएमएचओ ने भी ड्राइवर के खिलाफ उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है. दरअसल, शहर के ट्रांसपोर्ट नगर नया गांव सांसी बस्ती निवासी सावन कुमार(20) पुत्र सज्जन कुमार को किडनी की समस्या होने पर चार दिन पहले 7 मई को पाली के बांगड़ हॉस्पिटल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था.

ड्राइवर बोला- दूसरा सिलेंडर मंगवा लिया है

मृतक के बड़े भाई देवाराम ने बताया कि सावन की हालत गंभीर होने पर उसे आज जोधपुर हॉस्पिटल रेफर किया गया. हमने फोन कर 108 एंबुलेंस बुलाई, जिसमें ऑक्सीजन सपोर्ट पर मरीज को लेकर जोधपुर रवाना हुए.

बीच रास्ते में भाई की तबीयत बिगड़ने लगी. देखा तो ऑक्सीजन सप्लाई बंद हो गई थी. एंबुलेंस ड्राइवर को बोला तो उसने कहा कि दूसरा सिलेंडर मंगवा लिया है, लेकिन ओम बन्ना धार्मिक स्थल (रोहट थाना क्षेत्र) के निकट पहुंचे ही थे कि भाई की सांसें थम गईं. उसने मेरी गोदी में ही दम तोड़ दिया. हमने एंबुलेंस ड्राइवर को बताया कि भाई की मौत हो गई है. अब सिलेंडर बदलने से कोई मतलब नहीं. रोते हुए भाई की बॉडी वापस बांगड़ हॉस्पिटल लेकर पहुंचे. देवाराम का आरोप है कि एंबुलेंस ड्राइवर की लापरवाही से उसके भाई की जान गई है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-