बड़ा खुलासा, बरगी डेम का क्रूज ज चला रही थी गेंहू सर्वेयर कंपनी, डूबने से हुई है 13 मौत

बड़ा खुलासा, बरगी डेम का क्रूज ज चला रही थी गेंहू सर्वेयर कंपनी, डूबने से हुई है 13 मौत

प्रेषित समय :15:12:30 PM / Mon, May 11th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर। एमपी के जबलपुर में बरगी डेम कू्रज हादसे को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है, जिसमें पता चला है कि क्रूज का संचालन गेहूं सर्वेयर कंपनी आरबी एसोसिएट ग्लोबल कनेक्ट प्राइवेट लिमिटेड कर रही थी। पर्यटन विभाग के रिसोर्ट पर तैनात ज्यादातर कर्मचारी इसी कंपनी के जरिए नियुक्त किए गए थे। हादसे के बाद कंपनी की भूमिका और अनुभव को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
                                      खबर है कि बरगी मेकल रिसोर्ट में 5 नियमित और लगभग 30 आउटसोर्स कर्मचारी हैं। जिस क्रूज हादसे में 13 लोगों की डूबने से मौत हुई, उसमें क्रूज चला रहे पायलट महेश पटेल और उनके साथी भी आरबी एसोसिएट कंपनी के कर्मचारी थे। कंपनी इन कर्मचारियों को वेतन देने और कार्य संचालन की जिम्मेदार थी। मामले में सामने आया है कि आरबी एसोसिएट मानव संसाधन उपलब्ध कराने वाली कंपनी है। इसका प्रमुख काम कृषि क्षेत्र में सर्वेयर और गुणवत्ता निरीक्षकों की नियुक्ति करना है। कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार 2022 में स्थापित यह फर्म मध्यप्रदेश स्टेट सिविल सप्लाइज कॉर्पोरेशन और राज्य सहकारी विपणन संघ के लिए गेहूं गुणवत्ता परीक्षण और सर्वेयर उपलब्ध कराने का काम करती रही है। कंपनी के प्रोफाइल में पर्यटन, जल परिवहन या क्रूज संचालन से जुड़ा कोई विशेष अनुभव दर्ज नहीं है। मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग में जल क्रीड़ा प्रभारी सीडीआर राजेंद्र निगम ने माना कि क्रूज का पायलट महेश पटेल आउटसोर्स कर्मचारी है। हालांकि, उन्होंने कहा कि महेश को करीब 10 सालों का क्रूज संचालन का अनुभव है। ठेका किस कंपनी को दिया गया, यह उनके विभाग का विषय नहीं है। वे केवल कर्मचारियों के अनुभव के आधार पर बात कर सकते हैं। गौरतलब है कि हादसे के बाद जांच एजेंसियां कर्मचारियों के प्रशिक्षण, सुरक्षा मानकों और आपदा प्रबंधन संबंधी व्यवस्थाओं की पड़ताल कर रही हैं। यह भी देखा जा रहा है कि आउटसोर्स कर्मचारियों को जल सुरक्षा और आपातकालीन स्थितियों से निपटने का पर्याप्त प्रशिक्षण दिया गया था या नहीं। 
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-