जबलपुर युवक की दिन-दहाड़े हत्या, सरेराह चाकुओं से किया हमला

जबलपुर युवक की दिन-दहाड़े हत्या, सरेराह चाकुओं से किया हमला

प्रेषित समय :19:18:08 PM / Tue, May 12th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में संजीवनी नगर स्थित शाही नाका गढ़ा क्षेत्र में आज दिन दहाड़े  आयुष साहू नामक युवक की चाकु ओं से हमला कर हत्या कर दी गई. सरेराह की गई वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई, देखते ही देखते आसपास के लोगों की भीड़ एकत्र हो गई, जिनकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर हमलावरों की तलाश शुरु कर दी है.

खबर है कि आयुष साहू का क्षेत्र के रोहन पटेल व आयुष श्रीपाल से रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था. जिसके चलते पहले ही आयुष का दोनों युवकों से झगड़ा हुआ था. आज दोपहर तीन बजे के लगभग आयुष शाहीनाका से संजीवनी नगर की ओर जा रहा था. इस दौरान रोहन व आयुष श्रीपाल ने रोककर रुपयों के लेनदेन पर विवाद शुरु कर दिया. देखते ही देखते दोनों के बीच गाली गलौज होने लगी. इस बीच दोनों युवकों ने चाकू निकालकर आयुष पर हमला शुरु कर दिया.

अचानक किए गए हमले से आयुष सम्हल नहीं और सड़क पर गिरकर छटपटाने लगा. आयुष पर हमला होते देख आसपास से निकल रहे लोगों में चीख पुकार मच गई, यहां तक कि रहवासी अपने घरों से बाहर निकल आए. खून से लथपथ आयुष को उठाकर मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर इलाज के दौरान आयुष साहू की मौत हो गई. दिन दहाड़े सरेराह हुई हत्या की वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ के बाद हमलावरों की तलाश शुरु कर दी है. जिन्हे पकडऩे के लिए पुलिस की टीमों द्वारा संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-