जबलपुर-सोमनाथ एक्सप्रेस के एसी कोच से महिला यात्री से 25 लाख की चोरी, जीआरपी कर रही जांच

जबलपुर-सोमनाथ एक्सप्रेस के एसी कोच से महिला यात्री से 25 लाख की चोरी, जीआरपी कर रही जांच

प्रेषित समय :12:55:39 PM / Wed, May 13th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

भोपाल. शाजापुर जिले के मक्सी जीआरपी थाना क्षेत्र में चलती ट्रेन में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। सोमनाथ (वेरावल)- जबलपुर एक्सप्रेस में यात्रा कर रही एक महिला यात्री का बैग चोरी हो गया, जिसमें करीब 25 लाख रुपए से अधिक के सोने-चांदी के जेवरात, दो आईफोन मोबाइल और नगदी रखी हुई थी।

मामले में भोपाल जीआरपी थाना पुलिस ने जीरो पर एफआईआर दर्ज कर जांच के लिए मक्सी जीआरपी को भेज दी है। चोरी की घटना 12 मई को बेरछा रेलवे स्टेशन के आसपास की बताई जा रही है।

बैग में करीब 25 लाख का सामान रखा था

जानकारी के अनुसार भोपाल निवासी फरियादिया मेघा चौरासिया अपने पति हिमांशु चौरासिया के साथ ट्रेन नंबर 11465 वेरावल एक्सप्रेस से अहमदाबाद से भोपाल की यात्रा कर रही थीं। महिला कोच एच-1 की सीट नंबर 3 पर सफर कर रही थी, जबकि उनके पति दूसरे कोच एम-1 की बर्थ नंबर 60 पर थे। महिला ने अपने पास एक बड़ा सफेद रंग का बैग रखा हुआ था, जिसके अंदर दो छोटे पर्स थे। इनमें सोने का मंगलसूत्र, हार, कान की बालियां, अंगूठियां, ब्रेसलेट सहित कई कीमती जेवर रखे हुए थे। साथ ही दो एप्पल आईफोन और करीब चार हजार रुपए नगद भी बैग में मौजूद थे।

बच्चे की रोने की आवाज सुन जागी तो बैग गायब

महिला ने पुलिस को बताया कि वह बैग को पैर के पास कंबल के नीचे रखकर सो गई थीं। 12 मई की सुबह जब ट्रेन बेरछा स्टेशन के आसपास पहुंची तो उनके बच्चे अथर्व के रोने पर उनकी नींद खुली। इस दौरान उन्होंने देखा कि बैग गायब था। इसके बाद उन्होंने कोच अटेंडर से पूछताछ की। अटेंडर ने बताया कि बेरछा स्टेशन के पहले आउटर पर एक संदिग्ध युवक सफेद शर्ट और फ्रेंच दाढ़ी में चलती ट्रेन से कूदकर भागते हुए दिखाई दिया था।

पिछले एक महीने में 13 चोरी की घटनाएं

महिला ने दूसरे यात्री के मोबाइल से अपने पति को घटना की जानकारी दी। बाद में टीटीई ने बताया कि ट्रेन के बाथरूम में तीन पर्स मिले हैं, जिन्हें सीहोर आरपीएफ को जमा कराया गया है। इसके बाद भोपाल पहुंचकर महिला ने जीआरपी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने धारा 305 (सी) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया है। बताया जाता है कि पिछले करीब एक महीने में रेलवे ट्रेनों में 12 से 13 चोरी की वारदातें सामने आ चुकी हैं। हालांकि अधिकतर मामलों में रकम कम होने के कारण यात्री शिकायत दर्ज नहीं कराते.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-