रायपुर. राजधानी रायपुर में बदमाशों की गुंडागर्दी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. पार्टी करने के लिए तीन युवकों ने एक युवक को बंधक बनाकर उससे जबरन ATM से पैसे निकलवा लिए. आरोपियों ने पीड़ित के साथ मारपीट करते हुए उसके खाते से 10 हजार रुपए निकलवाए. मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है.
मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है. जानकारी के अनुसार, कुशालपुर निवासी विशाल सोनकर एक निजी कंपनी में काम करता है. 8 मई की रात वह टिकरापारा से शंकरनगर की ओर जा रहा था. इसी दौरान साहू भवन के पास एक पान ठेले पर रुकने के दौरान उसकी मुलाकात विशाल बृजवानी उर्फ दीनू और उसके दो साथियों से हुई.
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने बिना किसी कारण युवक से गाली-गलौज शुरू कर दी. विरोध करने पर तीनों ने उसके साथ मारपीट की और जबरदस्ती उसकी ही मोपेड पर बैठाकर पास के ATM तक ले गए.
पीड़ित ने बताया कि ATM के अंदर भी आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और डराकर खाते से 10 हजार रुपए निकलवाए. रकम लेने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.
घटना के बाद पीड़ित ने टिकरापारा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामला दर्ज कर एक आरोपी Vishal Brijwani को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

