इंदौर: प्लास्टिक दाना फैक्ट्री में लगी भीषण आग, आसमान में छाया धुएं का काला गुबार, करोड़ों का नुकसान

इंदौर: प्लास्टिक दाना फैक्ट्री में लगी भीषण आग, आसमान में छाया धुएं का काला गुबार, करोड़ों का नुकसान

प्रेषित समय :15:02:56 PM / Sat, May 16th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

इंदौर. धार रोड पर ग्राम नावदा पंथ स्थित प्लास्टिक दाना फैक्ट्री में शनिवार सुबह भीषण आग लग गई. सूचना मिलते ही दमकल वाहन लेकर आग बुझाने के लिए फायरकर्मी पहुंचे. वहीं चंदननगर पुलिस भी मौके पर पहुंची. निगम कमिश्नर क्षितिज सिंहल भी घटनास्थल पर पहुंचे. इस घटना में करोड़ों रुपये के नुकसान की खबर है.

धार रोड पर ग्राम नावदा पंथ में ड्यू ड्रॉप इरिगेशन के नाम से प्लास्टिक दाना फैक्ट्री है. मोहम्मद जावेद कुरैशी पिता अब्दुल गफ्फार इस फैक्ट्री का संचालक है. शनिवार सुबह 7 बजे कारखाने में भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया. फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक दाना पड़ा हुआ था, जिसने तेजी से आग पकड़ ली और काला धुआं निकलने लगा.

दस किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा था धुआं

आग इतनी भीषण थी कि दस किलोमीटर दूर तक कारखाने से निकलता धुआं दिखाई दे रहा था. आग लगने के बाद आसमान में काले धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया. घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और तुरंत प्रशासन और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई.

दो-तीन घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड के वाहन तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे. भीषण आग को बुझाने में दमकल विभाग की छह गाडिय़ों ने मशक्कत की. दो-तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग को बुझाया जा सका. वहीं पानी डालने में बाधा बन रहे फैक्ट्री के टिन शेड को जेसीबी की मदद से हटाया गया. पानी कम पडऩे पर नगर निगम के अधिकारियों ने आसपास से पानी की व्यवस्था की. गांव के लोगों ने ट्यूबवेल से आग बुझाने के लिए पानी भिजवाया.

आग लगने का कारण फिलहाल पता नहीं चल सका है. वहीं मौके पर पहुंची चंदन नगर की पुलिस ने सुरक्षा कि दृष्टि से आसपास के इलाके को खाली करवाया. आग से फैक्ट्री में रखा सामान जल गया. हालांकि अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है. जानकारी अनुसार हादसे के समय फैक्ट्री में मजदूर नहीं थे. फैक्ट्री संचालक का कहना है कि आज अमावस्या होने की वजह से मजदूर काम पर नहीं आए थे, जिसके चलते बड़ा हादसा टल गया. फैक्ट्री में 30 से 35 लोगों के काम करने की जानकारी मिली है. यहां दिन और रात की दो शिफ्ट में काम चलता है. वहीं डीपी में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जाहिर की जा रही है. प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों की जांच कराई जा रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-