नई दिल्ली. उत्तर भारत में गर्मी अब अपने सबसे खतरनाक रूप में आ चुकी है. आसमान से बरसती आग और झुलसाने वाली लू से लोगों का हाल बेहाल होने वाला है. मौसम विभाग (आईएमडी) ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में उत्तर भारत के कई राज्यों में हीटवेव का प्रकोप और भी ज्यादा भयंकर हो जाएगा. देश की राजधानी दिल्ली में तो पारा 45 डिग्री सेल्सियस को पार करने वाला है. यूपी, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा सहित कई राज्यों में 22 मई तक लू का अलर्ट है. वहीं, राहत की बात यह है कि दक्षिण और पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों में आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की भी संभावना जताई गई है.
दिल्ली समेत उत्तर भारत में गर्मी के तेवर दिखने लगे हैं. दोपहर के 12 बजे के बाद से 3 बजे तक तो सड़कों पर इंसान से लेकर जानवरों तक के नामों निशान नहीं दिख रहे. देश की राजधानी में पारा 45 डिग्री सेल्सियस पार कर चुका है. अगर आपको लग रहा है कि गर्मी ने अभी तक अपने सबसे भयानक तेवर दिखा दिए हैं, तो आप गलत हैं! असली गर्मी का टॉर्चर तो अब शुरू होने वाला है. मौसम विभाग (आईएमडी) ने डराने वाला अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों में उत्तर और मध्य भारत के बड़े हिस्से में हीटवेव (जानलेवा लू) का प्रकोप अपने चरम पर पहुंचने वाला है.
आईएमडी की ताजा बुलेटिन के मुताबिक, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, छत्तीसगढ़ और कोंकण-गोवा क्षेत्र में 22 मई तक हीटवेव की स्थिति लगातार बनी रहेगी. लोगों को घर से बाहर निकलते समय बेहद सावधानी बरतने और हाइड्रेटेड रहने की सलाह दी गई है. आने वाले दिनों में पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस का भारी उछाल देखने को मिल सकता है. इसके अलावा, उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में भी पारा लगातार चढ़ेगा, जिससे गर्मी और उमस से लोगों का जीना मुहाल हो जाएगा.
दिल्ली में 45 डिग्री के पार जाएगा पारा!
देश की राजधानी दिल्ली वालों को भी इस प्रचंड गर्मी से कोई खास राहत नहीं मिलने वाली है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों में दिल्ली के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी होगी. रविवार को दिल्ली का आसमान आंशिक रूप से बादल छाए रहने वाला हो सकता है, दोपहर या शाम के समय गरज के साथ हल्की हलचल भी हो सकती है. दिन के समय 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज और गर्म हवाएं चलेंगी, जो 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं. हालांकि, रविवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा, लेकिन अगले सप्ताह आसमान साफ होने के साथ ही दिल्ली का पारा 45 डिग्री सेल्सियस के खतरनाक स्तर को छूने के लिए पूरी तरह तैयार है
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

