फतेहपुर. यूपी के फतेहपुर में यमुना नदी में रविवार 17 मई की दोपहर एक बजे नहा रहे छह दोस्त गहरे बहाव में चले गये. चीख पुकार सुनकर गोताखोर नदी में कूदे और दो युवकों को बचाकर बाहर ले आय, जबकि चार युवकों को गोताखोर ढूंढते रहे. दो घंटे बाद चारों दोस्त थोड़ी-थोड़ी दूर में मिले जिन्हें गोताखोर बाहर निकालकर लाए तो चारों की मौत हो चुकी थी. वहीं एक अन्य घटना प्रयागराज में गंगा नदी के संगम पर घटी, जहां 2 युवकों की डूबने से मौत हो गई.
बताया जाता है कि ललौली थाने के तपनी निवासी 20 वर्षीय हसीबुद्दीन अपने दोस्त 19 वर्षीय शाहिद, 20 वर्षीय शान, 22 वर्षीय अंश प्रजापति, निजाम व मोनू रैदास के साथ घर से दोपहर पास के कुनुवाडेरा गांव स्थित यमुना नदी में नहाने गये थे. नहाते समय सभी छह दोस्त गहरे बहाव में चले गये.चीख पुकार सुनकर गोताखोर नाजिम व मोनू रैदास को बचाकर बाहर ले आये लेकिन अन्य चार डूब गये. दो घंटे बाद तीन बजे उक्त चारों दोस्तों के शव मिल गये. एसओ प्रमोद राव ने बताया कि नहाते समय चारों युवकों की पानी में डूबने से मौत हुई है, शव बरामद कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.
संगम में गंगा नदी में डूबकर 2 की मौत
गंगापार के नवाबगंज थाना क्षेत्र के डांडी गांव के सामने गंगा नदी में रविवार सुबह नहाने गए दो सगे भाई डूब गए. घटना के बाद घरवालों में कोहराम मच गया. गंगा घाट पर भारी भीड़ जुट गई. स्थानीय गोताखोरों ने काफी देर तक नदी में उन्हें तलाश लेकिन पता नहीं चल सका. वहीं ग्रामीणों ने ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया. बाद में एसडीआरएफ की टीम ने मशक्कत के बाद शवों को बरामद किया.
बताया जाता है कि डांडी गांव निवासी अल्ताफउद्दीन के 24 वर्षीय बेटे मोहम्मद काश और 18 वर्षीय मोहम्मद कैश रविवार सुबह करीब नौ बजे मोटरसाइकिल से गांव के सामने गंगा नदी में नहाने गए थे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नहाते समय छोटा भाई मोहम्मद कैश गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. भाई को बचाने के लिए बड़ा भाई मोहम्मद काश भी नदी में कूद पड़ा, लेकिन तेज बहाव में दोनों भाई डूब गए.
एसडीआरएफ टीम ने बरामद किया दोनों का शव
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग और परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए. देखते ही देखते गंगा घाट पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. स्थानीय गोताखोरों ने करीब तीन घंटे तक कड़ी मशक्कत कर दोनों युवकों की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली. बाद में एसडीआरएफ की टीम ने दोनों के शव को बरामद कर लिया.

