तमिल फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज निर्माता K Rajan का रविवार को 85 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. रिपोर्ट्स के अनुसार उन्होंने चेन्नई के अड्यार ब्रिज से कथित तौर पर नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली. इस खबर के सामने आते ही तमिल फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई. कई फिल्मी सितारों और राजनीतिक हस्तियों ने सोशल मीडिया पर दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रविवार को के राजन ने चेन्नई के अड्यार ब्रिज से नदी में छलांग लगा दी. घटना की जानकारी मिलते ही फायर एंड रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और उनका शव नदी से बाहर निकाला गया. बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उन्होंने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया.
फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. तमिल सिनेमा में लंबे समय तक सक्रिय रहे के राजन अपने बेबाक अंदाज और स्पष्ट वक्तव्य के लिए जाने जाते थे. फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े मुद्दों पर वह खुलकर अपनी राय रखते थे और कई बार अपने बयानों को लेकर चर्चा में भी रहते थे.
के राजन ने अपने करियर की शुरुआत तमिल फिल्म ‘Brammacharigal’ से निर्माता के तौर पर की थी. इसके बाद उन्होंने कई चर्चित फिल्मों का निर्माण किया, जिनमें ‘Doubles’ और ‘Aval Paavam’ जैसी फिल्में शामिल हैं. निर्माता होने के साथ-साथ उन्होंने अभिनय की दुनिया में भी अपनी पहचान बनाई. वह ‘Michael Raj’, ‘Sonthakkaran’, ‘Veettoda Maapillai’, ‘Paambu Sattai’, Thunivu और Bakasuran जैसी फिल्मों में नजर आए थे.
उनके निधन की खबर सामने आने के बाद अभिनेत्री और राजनेता Khushbu Sundar ने सोशल मीडिया पर दुख जताते हुए लिखा कि यह बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर है. उन्होंने कहा कि के राजन एक सम्मानित और स्पष्टवादी व्यक्ति थे, जो हमेशा खुलकर अपनी बात रखते थे. अभिनेत्री ने उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की.
वहीं अभिनेता Vishal ने भी इस घटना पर गहरा दुख जताया. उन्होंने कहा कि के राजन के आत्महत्या करने की खबर बेहद चौंकाने वाली है. अभिनेता ने उन्हें एक साहसी और बेबाक व्यक्ति बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की.
अभिनेत्री Kasthuri Shankar ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि उन्हें इस घटना पर यकीन नहीं हो रहा है. उन्होंने कहा कि के राजन बेहद सक्रिय और मुखर व्यक्तित्व वाले इंसान थे और उनके इस कदम ने सभी को स्तब्ध कर दिया है.
के राजन अपने पीछे बेटे प्रभुकांत को छोड़ गए हैं. प्रभुकांत ने पहले अभिनय की दुनिया में कदम रखा था और बाद में निर्देशन के क्षेत्र में भी सक्रिय हुए. तमिल फिल्म इंडस्ट्री में के राजन का योगदान लंबे समय तक याद किया जाएगा और उनके निधन से सिनेमा जगत को बड़ी क्षति पहुंची है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

