5.2 तीव्रता के भूकंप ने चीन में मचाया कहर, कई इमारतें तबाह, मलबे में दबे कई लोग

5.2 तीव्रता के भूकंप ने चीन में मचाया कहर, कई इमारतें तबाह, मलबे में दबे कई लोग

प्रेषित समय :11:09:31 AM / Mon, May 18th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

बीजिंग. दक्षिणी चीन के शहर लिउझोऊ और उसके आसपास के इलाकों में सोमवार तड़के तेज भूकंप आया, जिससे हड़कंप मच गया. आधी रात को आए इस भूकंप से कई इमारतें ढह गईं और लोग मलबे में फंस गए. बचाव दलों को अंधेरे में ही राहत अभियान शुरू करना पड़ा. सोशल मीडिया पर कई वीडियो सामने आए हैं जिसमें तबाही का मंजर साफ नजर आ रहा है.

स्थानीय समयानुसार रात 12:21 बजे आए इस भूकंप का केंद्र लिउझोउ के लिउनान जिले में था. अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण और चीन की भूकंप एजेंसी दोनों ने इसकी तीव्रता 5.2 मैग्नीट्यूड बताई है. भूकंप की गहराई करीब 8 किलोमीटर थी. विशेषज्ञों के मुताबिक कम गहराई वाले भूकंप सतह पर ज्यादा नुकसान पहुंचाते हैं.

कई लोग मलबे में फंसे

देर रात जब लोग नींद में सो रहे थे तभी जोरदार भूकंप के झटके महसूस किए गए. यह इलाका चीन के ग्वांग्शी क्षेत्र में स्थित है और यहां चार मिलियन से अधिक लोग रहते हैं. भूकंप के तेज झटके पूरे इलाके में महसूस किए गए, जिससे करीब एक दर्जन इमारतें ढह गईं. वहीं कई लोग मलबे में फंस गए जबकि कई अन्य घायल हो गए.

7,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया

चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक अब तक चार लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि तीन लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं. स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने करीब 7,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया. हालांकि राहत की बात यह रही कि इलाके में बिजली, पानी, गैस सप्लाई और परिवहन सेवाएं सामान्य बनी हुई हैं.

रात में शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन

भूकंप के तुरंत बाद राहत और बचाव एजेंसियां सक्रिय हो गईं. रात करीब 2 बजे तक 51 फायर और रेस्क्यू वाहनों के साथ 315 से ज्यादा आपातकर्मी प्रभावित इलाके में पहुंच चुके थे. पुलिस, दमकल और मेडिकल टीमें लगातार मलबे में फंसे लोगों को निकालने में जुटी हैं. स्थानीय प्रशासन ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जल्द से जल्द नुकसान और हताहतों का सही आंकड़ा जुटाया जाए और प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जाए. साथ ही आफ्टरशॉक्स पर भी नजर रखी जा रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-