एमपी : मैहर दर्शन से लौटते समय ट्रॉली पलटी, दो की मौत, टीआई भी घायल, इलाज के लिए जबलपुर रेफर

एमपी : मैहर दर्शन से लौटते समय ट्रॉली पलटी, दो की मौत, टीआई भी घायल, इलाज के लिए जबलपुर रेफर

प्रेषित समय :12:09:45 PM / Tue, May 19th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

मैहर. एमपी के मैहर जिले के अमदरा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-30 पर सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे एक के बाद एक दो सड़क हादसे हुए. इन हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग घायल हुए हैं. बचाव कार्य में जुटे अमदरा थाना प्रभारी टीकाराम कर्मी भी घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक इलाज के बाद जबलपुर रेफर किया गया है.

जानकारी के अनुसार, कटनी से मैहर दर्शन कर लौट रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली नया गांव के पास हाईवे से गुजर रही थी. तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक (क्रमांक एमपी21-जेड जी 3854) ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर पलट गई, जिससे उसमें सवार लोग घायल हो गए.

रेस्क्यू कर रहे टीआई भी घायल

घटना की सूचना मिलते ही अमदरा थाना प्रभारी टीकाराम कर्मी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. घायलों को अस्पताल पहुंचाया. इसी दौरान कुछ समय बाद पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक (क्रमांक यूपी 66 टी 8706) ने पहले से खड़े ट्रक को टक्कर मार दी. दूसरे हादसे में रेस्क्यू कार्य कर रहे थाना प्रभारी टीकाराम कर्मी घायल हो गए. हादसों में एक नाबालिगऔर एक युवक की मौत हो गई है. मृतकों की पहचान कटनी जिले के शाहनगर निवासी प्रकाश लोधी (14) पिता डबलू लोधी और रोहनिया निवासी धीरेंद्र सिंह पिता रणखेलावन सिंह के रूप में हुई है.

सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा

घायलों में राम मिलन यादव, सीमा देवी, संतोषी भाई सिंह, मुकेश सिंह, रजनी बाई लोधी और दीपाली लोधी शामिल हैं. ये सभी घायल कटनी और पन्ना जिले के निवासी हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए कटनी जिला अस्पताल भेजा गया है, जहां से गंभीर हालत वाले कुछ घायलों को जबलपुर रेफर किया गया है. करीब 6 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि 10 से अधिक लोग सामान्य रूप से घायल हुए हैं.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-