रायपुर को मिली 54 नई डायल-112 गाड़ियों की सौगात, अब और तेज होगी पुलिस रिस्पांस सेवा

रायपुर को मिली 54 नई डायल-112 गाड़ियों की सौगात, अब और तेज होगी पुलिस रिस्पांस सेवा

प्रेषित समय :16:05:05 PM / Wed, May 20th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए डायल-112 सेवा में 54 नई हाईटेक गाड़ियों को शामिल किया गया है. डिप्टी सीएम एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर इन वाहनों को रवाना किया. नई गाड़ियों के शामिल होने से आपातकालीन स्थितियों में पुलिस की प्रतिक्रिया समय और तेज होने की उम्मीद है.

इस मौके पर विजय शर्मा ने कहा कि आधुनिक तकनीक से लैस इन वाहनों के जरिए लोगों को त्वरित सहायता मिलेगी. उन्होंने बताया कि सी-डैक (C-DAC) की एडवांस टेक्नोलॉजी से पूरे सिस्टम की मॉनिटरिंग की जाएगी. जैसे ही डायल-112 पर कॉल आएगी, कॉलर की लोकेशन तुरंत ट्रेस कर ली जाएगी और नजदीकी वाहन मौके पर पहुंचेगा.

डिप्टी सीएम ने बताया कि नई गाड़ियों में हाईटेक कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी लाइव मॉनिटरिंग कमांड सेंटर से होगी. उन्होंने कहा कि आज से ही ये सभी वाहन सेवा में सक्रिय हो जाएंगे. इस पहल के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री और केंद्रीय गृहमंत्री का आभार भी जताया.

विजय शर्मा ने यह भी कहा कि आने वाले समय में ड्रोन पेट्रोलिंग सिस्टम पर भी काम किया जाएगा. जरूरत के अनुसार विशेष क्षेत्रों में ड्रोन भेजकर निगरानी की जाएगी, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी.

पीसीसी चीफ दीपक बैज के मोबाइल फोन आठ महीने बाद भी नहीं मिलने के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए विजय शर्मा ने कहा कि यदि शिकायत दर्ज हुई है तो मामले की जांच कराई जाएगी. वहीं डायल-112 के जवानों पर हमले की घटनाओं को लेकर उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि पुलिस कर्मियों पर हमला करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

केंद्रीय गृहमंत्री के बयान “भेष बदलकर कुछ लोग आएंगे, सावधान रहें” पर डिप्टी सीएम शर्मा ने कहा कि बस्तर के लोगों को लोकतंत्र और अपने जनप्रतिनिधियों पर भरोसा रखना चाहिए. उन्होंने कहा कि किसी के बहकावे में आने की जरूरत नहीं है और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर विश्वास बनाए रखना जरूरी है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-