रेलवे ने पमरे के 14 स्टेशनों को जंक्शन में बदला, जबलपुर मंडल के 8 स्टेशन शामिल, यहां देखें लिस्ट

रेलवे ने पमरे के 14 स्टेशनों को जंक्शन में बदला, जबलपुर मंडल के 8 स्टेशन शामिल, यहां देखें लिस्ट

प्रेषित समय :18:44:56 PM / Wed, May 20th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. रेलवे द्वारा अधोसंरचना विकास और नई रेल लाइनों, कॉर्ड लाइनों तथा बाईपास लाइनों के चालू होने के फलस्वरूप यात्रियों एवं रेल परिचालन की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशनों के नामों को संशोधित करने का निर्णय लिया गया है. इसी क्रम में सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति एवं भारतीय रेलवे सम्मेलन (आईआरसीए), नई दिल्ली के परामर्शानुसार पश्चिम मध्य रेल के तीनों मंडलों (जबलपुर, भोपाल एवं कोटा) के कुल 14 रेलवे स्टेशनों के नामों में संशोधन कर उन्हें अब आधिकारिक तौर पर जंक्शन स्टेशन के रूप में अधिसूचित कर दिया गया है.

यह अधिसूचना तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है. रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन सभी स्टेशनों के पुराने अल्फाबेटिकल (अक्षर) और न्यूमेरिकल (संख्यात्मक) कोड में कोई बदलाव नहीं किया गया है, वे पहले की तरह ही रहेंगे. केवल नाम में जंक्शन शब्द जोड़ा गया है.

जबलपुर मंडल के 8 स्टेशन :- कटनी साउथ अब कटनी साउथ जंक्शन (KTES), कटनी मुड़वारा अब कटनी मुड़वारा जंक्शन (KMZ), कैमा अब कैमा जंक्शन (KMA), सगमा अब सगमा जंक्शन (SAGM), बांसा पहाड़ अब बांसा पहाड़ जंक्शन (BNSP), बीना मालखेड़ी अब बीना मालखेड़ी जंक्शन (MAKR), कटंगी खुर्द अब कटंगी खुर्द जंक्शन (KTKD), कछपुरा अब कछपुरा जंक्शन (KEQ) स्टेशनों के नाम से जाने जाएंगे. 

भोपाल मंडल के 3 स्टेशन :- तलवड़िया अब तलवड़िया जंक्शन (TLV), रूठियाई अब रूठियाई जंक्शन (RTA), संत हिरदाराम नगर अब संत हिरदाराम नगर जंक्शन (SHRN) स्टेशनों के नाम से जाने जाएंगे. 

कोटा मंडल के 3 स्टेशन :- गंगापुर सिटी अब गंगापुर सिटी जंक्शन (GGC), रामगंज मंडी अब रामगंज मंडी जंक्शन (RMA), गुड़ला अब गुड़ला जंक्शन (GQL) स्टेशनों के नाम से जाने जाएंगे. जंक्शन रेलवे स्टेशन बनाने से ट्रेनों के सुचारू संचालन, नए रूटों के जुड़ाव और यात्रियों को यात्रा रूट का सही चयन करने में बेहद आसानी होगी. 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-