युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अधारताल में इंटरसिटी ट्रेन 1 घंटा तक रोकी, नीट पेपर घोटाले पर किया प्रदर्शन

युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अधारताल में इंटरसिटी ट्रेन 1 घंटा तक रोकी, नीट पेपर घोटाले पर किया प्रदर्शन

प्रेषित समय :19:28:28 PM / Wed, May 20th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जबलपुर-आधारताल रेलवे ट्रैक पर उतरकर रानी कमलापति (भोपाल) जाने वाली इंटरसिटी ट्रेन को रोक दिया. सूचना मिलते ही आरपीएफ और आधारताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने ट्रैक पर प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को हटाकर ट्रेन रवाना कराई और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की. कांग्रेसियो ये प्रदर्शन नीट पेपर लीक मामले को लेकर किया.

प्रदर्शन युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया के नेतृत्व में किया गया. युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप था कि केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार आने के बाद लगातार पेपर लीक की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है.

छात्रों की मेहनत पर पानी फेर दिया

युकां प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया ने कहा कि नीट परीक्षा में करीब 22 लाख 80 हजार छात्रों ने हिस्सा लिया था. छात्रों ने दिन-रात मेहनत कर परीक्षा दी, लेकिन पेपर लीक ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया. उन्होंने कहा कि इसी परीक्षा के जरिए छात्र डॉक्टर बनकर लोगों की सेवा करते, लेकिन सरकार की संवेदनहीनता से साफ है कि उसे छात्रों के भविष्य की चिंता नहीं है. उन्होंने बताया कि यह प्रदर्शन छात्रों के सम्मान और उनके भविष्य की सुरक्षा की मांग को लेकर किया गया.

1 घंटा तक इंटरसिटी के सामने होता रहा प्रदर्शन, कई गाडिय़ां प्रभावित

युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काफी देर तक इंटरसिटी ट्रेन को रोके रखा. सूचना मिलने पर आरपीएफ टीआई राजीव खरब पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने पहले प्रदर्शनकारियों को रेलवे ट्रैक से हटाया और ट्रेन को रवाना कराया. इसके बाद ट्रेन रोकने के मामले में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की गई. मेन लाइन पर लगभग 1 घंटे तक इंटरसिटी खड़ा रहने से पीछे से आने वाली कई अन्य गाडिय़ों को भी पिछले स्टेशनों पर रोक दिया गया था.