जबलपुर. 19वां रोजगार मेला देश भर में 47 स्थानों पर आयोजित किया गया. इसमें देश के सभी हिस्सों से चयनित नव नियुक्त उम्मीदवार रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग आदि सहित केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में कार्यभार ग्रहण करेंगे. इस कार्यक्रम में पीएम नरेंद्र मोदी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े और देश भर को संबोधित किया.
पश्चिम मध्य रेलवे के दो डिवीजनों में आयोजित कार्यक्रम
मध्य प्रदेश के अंतर्गत जबलपुर एवं भोपाल में भी रोजगार मेले का आयोजन किया गया. इस अवसर पर रेलवे, डाक विभाग, बैंकिंग, रक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा अन्य केंद्रीय विभागों में चयनित अभ्यर्थियों को माननीय प्रधानमंत्री द्वारा वर्चुअल माध्यम से नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया. इस 19वें रोजगार मेले के अंतर्गत जबलपुर में 211 तथा भोपाल में 101 नव नियुक्त अभ्यर्थियों सहित कुल 312 नव नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए.
जबलपुर- पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मण्डल में रेल उत्सव हॉल मदनमहल में 19वां रोजगार मेला का आयोजन सम्पन्न हुआ. इस अवसर पर मुख्य अतिथि माननीय डॉ. वीरेन्द्र कुमार (केंद्रीय मंत्री सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार), माननीया श्रीमती सुमित्रा बाल्मीक सांसद (राज्यसभा), माननीय श्री आशीष दुबे सांसद (लोकसभा), माननीय श्री अजय विश्नोई (विधायक पाटन), माननीय श्री अशोक रोहाणी (विधायक कैंट) एवं माननीय श्री अभिलाष पाण्डेय (विधायक उत्तर मध्य) सहित नगर के अन्य गणमाण्य नागरिक उपस्थित रहे. इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा 19वें रोजगार मेले के अंतर्गत 211 नव नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए. जिसमें 180 रेलवे विभाग, 15 डाक विभाग, 11 बैंक एवं 05 रक्षा विभाग के नव नियुक्त अभ्यार्थी शामिल हुए.
केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार ने दी शुभकामनाएं
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि माननीय डॉ. वीरेन्द्र कुमार जी ने नव नियुक्त अभ्यर्थियों को उनकी सरकारी सेवा में नई भूमिका के लिए शुभकामनाएं देते हुआ कहा कि आप सभी युवा उज्ज्वल भविष्य के निर्माण तथा राष्ट्र की प्रगति में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे. उन्होंने नियुक्त अभ्यर्थियों से ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया. इस आयोजन में रेलवे से पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक श्री दिलीप कुमार सिंह, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री एस डी पाटीदार एवं मण्डल रेल प्रबंधक श्री कमल कुमार तलरेजा सहित अन्य विभागों से भी अधिकारीगण उपस्थित रहे.
भोपाल में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह हुए शामिल
भोपाल- पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मण्डल में रेलवे ऑडिटोरियम, नर्मदा रेलवे क्लब, हबीबगंज (रानी कमलापति रेलवे स्टेशन प्लेटफ़ॉर्म 5 के सामने बाहर साईड) में 19वां रोजगार मेला का आयोजन सम्पन्न हुआ. इस अवसर पर मुख्य अतिथि माननीय श्री शिवराज सिंह चौहान (केंद्रीय मंत्री, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय भारत सरकार), माननीय श्री आलोक शर्मा सांसद (लोकसभा) एवं माननीया श्रीमती मालती राय (महापौर भोपाल) सहित नगर के अन्य गणमाण्य नागरिक उपस्थित रहे. इस अवसर परमुख्य अतिथि द्वारा 19वें रोजगार मेले के अंतर्गत 101 नव नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए. जिसमें 77 रेलवे विभाग तथा 34 अन्य केंद्रीय विभागों (जैसे बैंकिंग, एअरपोर्ट, ईपीएफओ तथा डाक विभाग आदि) के नव नियुक्त अभ्यार्थी शामिल हुए.
अपने संबोधन में श्री चौहान ने प्रधानमंत्री श्री मोदी की रोजगार सृजन हेतु प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए कहा कि यह मेला युवाओं को आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहभागी बनाने की दिशा में एक प्रभावी कदम है. उन्होंने नियुक्त अभ्यर्थियों से ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया. रेलवे की ओर से मंडल रेल प्रबंधक श्री पंकज त्यागी एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री अभिराम खरे सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे. इस आयोजन में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण मौजूद रहे एवं कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाई.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

