जबलपुर. एमपी के जबलपुर स्थित चौहानी क्षेत्र गढ़ा में स्ट्रीट डॉग के हमले से लोग परेशान हो चुके है. एक सप्ताह पहले दो मासूम बहनों पर हमले की घटना के बाद अब 70 वर्षीय बुजुर्ग को स्ट्रीट डॉग ने बुरी तरह नोच डाला. वृद्ध जुगल किशोरी सोनी पर कुत्ते ने उस वक्त हमला किया है जब वे पैदल अपने घर जा रहे थे. स्थानीय लोगों ने किसी तरह कुत्ते को भगाकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया.
बताया गया है कि देवताल गढ़ा निवासी जुगल किशोर सोनी उम्र 70 वर्ष किसी काम से त्रिपुरी चौक की ओर पैदल जा रहे थे. जैसे ही वे चौहानी मुक्तिधाम के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए एक स्ट्रीट डॉग ने उन पर हमला कर दिया. अचानक हुए हमले से वे सड़क पर गिर पड़े. इसके बाद स्ट्रीट डॉग ने उनके माथे, बाएं हाथ और कमर पर कई जगह काट लिया, जिससे वे लहूलुहान हो गए. बताया जा रहा है कि करीब 15 मिनट तक बुजुर्ग खुद को बचाने की कोशिश करते रहे, लेकिन स्ट्रीट डॉग लगातार हमला करता रहा. वहां से गुजर रहे लोगों ने किसी तरह डॉग को भगाया और परिजनों को सूचना दी. बाद में घायल बुजुर्ग को पुरवा स्थित एक निजी क्लीनिक ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया. घायल के भाई अशोक सोनी ने बताया कि डॉक्टरों ने जुगल किशोर को टिटनेस और रैबीज के इंजेक्शन लगाए हैं. वहीं त्रिपुरी चौक क्षेत्र के लोगों का कहना है कि इसी कुत्ते ने इससे पहले भी दो से तीन लोगों पर हमला किया था. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

