Apple इस साल अपनी बहुप्रतीक्षित iPhone 18 सीरीज के साथ एक नया फोल्डेबल स्मार्टफोन लॉन्च कर सकता है, जिसे फिलहाल “iPhone Ultra” के नाम से जोड़ा जा रहा है. हालांकि कंपनी की ओर से अभी तक इस डिवाइस को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन लगातार सामने आ रहे लीक और रिपोर्ट्स ने टेक जगत में हलचल बढ़ा दी है. माना जा रहा है कि यह एप्पल का पहला फोल्डेबल आईफोन हो सकता है, जो प्रीमियम डिजाइन और हाई-एंड फीचर्स के साथ बाजार में उतर सकता है.
लीक रिपोर्ट्स के अनुसार कंपनी सितंबर 2026 में iPhone 18 सीरीज के लॉन्च इवेंट के दौरान इस नए फोल्डेबल डिवाइस को पेश कर सकती है. इसकी कीमत को लेकर भी कई दावे सामने आ रहे हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक iPhone Ultra की शुरुआती कीमत लगभग 2 लाख रुपये से 2.25 लाख रुपये के बीच हो सकती है, जिससे यह एप्पल के अब तक के सबसे महंगे स्मार्टफोन्स में शामिल हो सकता है.
डिजाइन और डिस्प्ले की बात करें तो iPhone Ultra को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा इसके “क्रीज-फ्री” फोल्डेबल डिस्प्ले की हो रही है. माना जा रहा है कि फोन में 7.8 इंच का बड़ा OLED इनर डिस्प्ले दिया जा सकता है, जबकि बाहर की तरफ 5.5 इंच का सेकेंडरी स्क्रीन मिलेगा. दावा किया जा रहा है कि फोल्ड होने के बाद डिवाइस दो बेहद पतले आईफोन को एक साथ रखने जैसा दिखाई देगा.
टेक रिपोर्ट्स के अनुसार एप्पल इस फोन में टाइटेनियम फ्रेम का इस्तेमाल कर सकता है, जिससे डिवाइस हल्का होने के साथ-साथ ज्यादा मजबूत भी बनेगा. यही मटेरियल कंपनी ने अपने प्रीमियम प्रो मॉडल्स में भी इस्तेमाल किया है. कलर ऑप्शन की बात करें तो शुरुआत में इसे सीमित रंगों में लॉन्च किए जाने की संभावना है, जिनमें ब्लैक और व्हाइट प्रमुख हो सकते हैं.
परफॉर्मेंस के लिए iPhone Ultra में कंपनी का नया A20 Pro चिपसेट दिए जाने की उम्मीद है. यह चिप बेहतर AI प्रोसेसिंग, तेज परफॉर्मेंस और पावर एफिशिएंसी के लिए डिजाइन किया जा सकता है. बैटरी के मामले में भी यह डिवाइस काफी दमदार बताया जा रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक इसमें 5800mAh की बड़ी बैटरी दी जा सकती है, जो एप्पल के स्मार्टफोन्स में अब तक की सबसे बड़ी बैटरियों में से एक हो सकती है.
कैमरा फीचर्स को लेकर भी कई जानकारियां सामने आई हैं. कहा जा रहा है कि फोन में डुअल रियर कैमरा सेटअप मिलेगा, जिसमें 48 मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर और 48 मेगापिक्सल का अल्ट्रावाइड लेंस शामिल हो सकता है. हालांकि प्रो मॉडल्स की तुलना में इसमें टेलीफोटो लेंस नहीं दिया जाएगा, यानी हाई-लेवल ऑप्टिकल जूम फीचर की कमी देखने को मिल सकती है. वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फ्रंट में 18 मेगापिक्सल का कैमरा मिलने की संभावना जताई जा रही है.
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि एप्पल वास्तव में बिना क्रीज वाला फोल्डेबल डिस्प्ले पेश करने में सफल रहता है, तो यह फोल्डेबल स्मार्टफोन बाजार में बड़ा बदलाव ला सकता है. अभी तक अधिकांश फोल्डेबल फोन्स में स्क्रीन फोल्ड होने वाली जगह पर क्रीज दिखाई देती है, जिसे लेकर यूजर्स अक्सर शिकायत करते हैं. ऐसे में एप्पल का यह कदम प्रतिस्पर्धी कंपनियों के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है.
हालांकि यह ध्यान रखना जरूरी है कि फिलहाल सामने आई सारी जानकारी लीक और अनौपचारिक रिपोर्ट्स पर आधारित है. एप्पल ने अभी तक iPhone Ultra के नाम, फीचर्स या लॉन्च टाइमलाइन को लेकर कोई पुष्टि नहीं की है. ऐसे में आधिकारिक घोषणा तक इन जानकारियों को संभावित रिपोर्ट्स के तौर पर ही देखा जा रहा है.