केंद्रीय चिकित्सालय जबलपुर में अग्नि सुरक्षा एवं आपातकालीन प्रबंधन पर व्यावहारिक सेमिनार, मॉकड्रिल का भी आयोजन

केंद्रीय चिकित्सालय जबलपुर में अग्नि सुरक्षा एवं आपातकालीन प्रबंधन पर व्यावहारिक सेमिनार, मॉकड्रिल का भी आयोजन

प्रेषित समय :19:24:37 PM / Wed, May 27th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल में मंडल रेल प्रबंधक श्री कमल कुमार तलरेजा के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी अमित कुमार साहनी के मार्गदर्शन में बुधवार 27 मई को संरक्षा विभाग एवं केंद्रीय चिकित्सालय, जबलपुर के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय अग्नि सुरक्षा एवं आपातकालीन प्रबंधन सेमिनार का सफल आयोजन किया गया.
इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य अस्पताल के चिकित्सा अधिकारियों, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल टीम एवं अन्य रेल कर्मचारियों को आग लगने जैसी आपात स्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई हेतु प्रशिक्षित करना था.

अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह, जहाँ मरीज पूर्णत: दूसरों पर निर्भर रहते हैं, वहाँ आपदा प्रबंधन की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है. सेमिनार के दौरान संरक्षा विशेषज्ञों द्वारा अस्पताल में स्थापित ऑटोमेटिक फायर अलार्म सिस्टम एवं आपातकालीन निकास द्वारों के लॉकिंग-अनलॉकिंग मेकैनिज्म की तकनीकी कार्यप्रणाली को विस्तारपूर्वक समझाया गया.

मॉक ड्रिल का भी किया गया आयोजन

कार्यक्रम के अंतर्गत अस्पताल परिसर में एक जीवंत मॉक ड्रिल का आयोजन भी किया गया. इसमें संरक्षा विभाग की टीम द्वारा उपस्थित कर्मचारियों को विभिन्न प्रकार के अग्निशामक यंत्रों के संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया. साथ ही परिसर में स्थापित फायर हाइड्रेट सिस्टम से होज पाइप जोड़कर तीव्र जल-दबाव के माध्यम से आग पर नियंत्रण पाने का लाइव प्रदर्शन भी किया गया. मॉक ड्रिल के दौरान कई रेल कर्मचारियों ने स्वयं होज पाइप संचालित कर पानी की बौछार करने का अभ्यास किया, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में उनका आत्मविश्वास एवं तत्परता और अधिक सुदृढ़ हो सके. इस सेमिनार एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण से न केवल रेल अस्पताल स्टाफ की तकनीकी समझ विकसित हुई है, बल्कि किसी भी संभावित अग्नि दुर्घटना से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु अस्पताल प्रशासन की तैयारियां भी और अधिक मजबूत हुई हैं.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-