नई दिल्ली. कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट यानी सीयूईटी यूजी 2026 परीक्षा को लेकर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने संशोधित परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है. 28 मई 2026 को स्थगित की गई परीक्षाओं के लिए अब नई तारीखों की घोषणा कर दी गई है. संशोधित शेड्यूल के अनुसार सीयूईटी यूजी 2026 की परीक्षाएं अब 31 मई, 6 जून और 7 जून 2026 को आयोजित की जाएंगी. उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट cuet.nta.nic.in पर जाकर नया परीक्षा कार्यक्रम देख और डाउनलोड कर सकते हैं.
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से जारी सूचना के मुताबिक जिन उम्मीदवारों की परीक्षा 28 मई को होनी थी, उन्हें नई परीक्षा तिथि के अनुसार परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होना होगा. एजेंसी ने छात्रों को सलाह दी है कि वे नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट चेक करते रहें ताकि किसी भी नए अपडेट की जानकारी समय पर मिल सके.
इसके साथ ही उम्मीदवारों के एडमिट कार्ड भी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए गए हैं. छात्र अपने एप्लीकेशन नंबर और पासवर्ड की मदद से लॉगिन कर हॉल टिकट डाउनलोड कर सकते हैं. परीक्षा में शामिल होने के लिए एडमिट कार्ड अनिवार्य होगा. बिना एडमिट कार्ड के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा.
सीयूईटी यूजी 2026 हॉल टिकट डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा. वहां होम पेज पर दिए गए “CUET UG Hall Ticket 2026” लिंक पर क्लिक करना होगा. इसके बाद एप्लीकेशन नंबर और पासवर्ड दर्ज कर लॉगिन करना होगा. लॉगिन के बाद एडमिट कार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा, जिसे डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकालना होगा.
आधिकारिक वेबसाइट cuet.nta.nic.in पर जाएं
CUET UG Admit Card 2026 लिंक पर क्लिक करें
लॉगिन के लिए एप्लीकेशन नंबर और पासवर्ड डालें
CUET UG एडमिट कार्ड PDF स्क्रीन पर दिखेगा
उसे डाउनलोड करके सेव करें और प्रिंट आउट निकाल लें
CUET UG Admit Card 2026 में उम्मीदवार का नाम, रोल नंबर, जन्मतिथि, परीक्षा की तारीख, शिफ्ट टाइमिंग, परीक्षा केंद्र का पता और अन्य जरूरी जानकारी शामिल होगी.
CUET UG 2026 परीक्षा केंद्र संबंधी दिशानिर्देश
उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र पर अपना एडमिट कार्ड जरूरी लाना होगा; इसके बिना उन्हें परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी. CUET UG 2026 एडमिट कार्ड के साथ उम्मीदवारों को एक सरकारी फोटो पहचान पत्र भी साथ लाना होगा, जैसे PAN कार्ड या वोटर आईडी, ताकि पहचान की पुष्टि की जा सके.
परीक्षा केंद्र पर कोई भी प्रतिबंधित वस्तु न लाएं. सभी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस - स्मार्टफोन, ब्लूटूथ डिवाइस, इयरफोन, पेजर - परीक्षा केंद्र पर प्रतिबंधित हैं. परीक्षा केंद्र पर इन बैन चीजों को रखने की कोई सुविधा नहीं दी जाएगी. अगर कोई ऐसी वस्तु साथ लाई जाती है, तो उसे बाहर ही अपनी जिम्मेदारी पर रखना होगा.
CUET UG 2026 से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट cuet.nta.nic.in पर जाएं.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

