समुद्र की गहराइयों में रंग-बिरंगी मछलियों, खूबसूरत कोरल रीफ और रहस्यमयी समुद्री दुनिया को करीब से देखने का सपना अब सिर्फ विदेश जाकर ही पूरा नहीं करना पड़ेगा। भारत में भी कई ऐसी शानदार और बजट-फ्रेंडली जगहें मौजूद हैं, जहां स्कूबा डाइविंग का रोमांचक अनुभव लिया जा सकता है। खास बात यह है कि इन जगहों पर शुरुआती लोगों से लेकर प्रोफेशनल एडवेंचर लवर्स तक सभी के लिए ट्रेनिंग, सेफ्टी इक्विपमेंट और किफायती डाइविंग पैकेज आसानी से उपलब्ध हैं।
अगर आप भी इस गर्मी या छुट्टियों में कुछ अलग और यादगार अनुभव करना चाहते हैं, तो भारत के ये खूबसूरत आइलैंड्स और बीच डेस्टिनेशन आपके लिए बेहतरीन विकल्प साबित हो सकते हैं।
सबसे पहले बात करें महाराष्ट्र के तारकरली की, तो यह जगह कम बजट में स्कूबा डाइविंग के लिए तेजी से लोकप्रिय हो रही है। साफ समुद्री पानी और शांत वातावरण यहां आने वाले पर्यटकों को खास आकर्षित करता है। पहली बार डाइविंग करने वालों के लिए यहां आसान ट्रेनिंग और पूरी सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध रहती है। अक्टूबर से मार्च तक का समय यहां घूमने के लिए सबसे अच्छा माना जाता है, हालांकि मई में भी यहां रोमांच का आनंद लिया जा सकता है।
केरल का कोवलम भी स्कूबा डाइविंग प्रेमियों के बीच अपनी अलग पहचान रखता है। यहां का साफ पानी और प्राकृतिक सुंदरता लोगों को समुद्र की दुनिया के करीब ले जाती है। कोवलम उन लोगों के लिए अच्छा विकल्प माना जाता है जो एडवेंचर के साथ शांत और खूबसूरत बीच वेकेशन भी चाहते हैं।
कर्नाटक के तट के पास स्थित Netrani Island यानी नेत्राणी द्वीप को “पिजन आइलैंड” के नाम से भी जाना जाता है। यहां का पानी इतना साफ होता है कि समुद्र के भीतर की दुनिया बेहद खूबसूरत नजर आती है। स्कूबा डाइविंग के दौरान यहां व्हेल शार्क, रंगीन कोरल और कई दुर्लभ समुद्री जीव देखने को मिल सकते हैं। एडवेंचर पसंद करने वाले युवाओं के बीच यह जगह तेजी से लोकप्रिय हो रही है।
Puducherry भी भारत की सबसे अनोखी स्कूबा डाइविंग जगहों में शामिल है। यहां समुद्र के भीतर आर्टिफिशियल रीफ देखने को मिलती हैं, जो डाइविंग अनुभव को और खास बना देती हैं। यहां रंग-बिरंगी मछलियों और दुर्लभ समुद्री जीवों को करीब से देखा जा सकता है। शुरुआती लोगों के लिए प्रोफेशनल ट्रेनर्स उपलब्ध रहते हैं, जिससे पहली बार डाइविंग करने वाले भी आराम से इसका आनंद ले सकते हैं।
अगर शांत वातावरण और क्रिस्टल क्लियर पानी की तलाश है, तो Lakshadweep आपके लिए परफेक्ट डेस्टिनेशन साबित हो सकता है। यहां की समुद्री जैव विविधता और खूबसूरत कोरल रीफ स्कूबा डाइविंग को बेहद खास बना देती हैं। बंगाराम और कदमत द्वीप यहां डाइविंग के लिए सबसे ज्यादा पसंद किए जाते हैं। कम भीड़ और शांत माहौल के कारण यह जगह प्रकृति प्रेमियों और एडवेंचर चाहने वालों के लिए स्वर्ग जैसी मानी जाती है।
भारत में स्कूबा डाइविंग की बात हो और Havelock Island का नाम न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का यह खूबसूरत आइलैंड देश की सबसे लोकप्रिय स्कूबा डाइविंग जगहों में गिना जाता है। यहां का नीला साफ पानी, रंग-बिरंगी मछलियां और शानदार कोरल रीफ पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर देते हैं। शुरुआती और प्रोफेशनल दोनों तरह के डाइवर्स के लिए यहां अलग-अलग कोर्स और पैकेज उपलब्ध हैं।
Goa सिर्फ बीच पार्टी और नाइटलाइफ के लिए ही नहीं, बल्कि बजट स्कूबा डाइविंग के लिए भी काफी मशहूर है। खासकर ग्रांडे आइलैंड के आसपास समुद्र की गहराइयों में उतरकर कई तरह के समुद्री जीवों को करीब से देखा जा सकता है। यहां कई एजेंसियां कम कीमत में ट्रेनिंग और डाइविंग पैकेज उपलब्ध कराती हैं, जिसके कारण यह युवाओं और दोस्तों के ग्रुप के बीच काफी लोकप्रिय है।
वहीं Daman and Diu भी अब धीरे-धीरे स्कूबा डाइविंग डेस्टिनेशन के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। यहां समुद्र के भीतर की खूबसूरत दुनिया को बेहद करीब से देखने का मौका मिलता है। बजट ट्रैवलर्स के लिए यह जगह काफी किफायती मानी जाती है और यहां का शांत माहौल छुट्टियों को और यादगार बना देता है।
विशेषज्ञों के अनुसार भारत में स्कूबा डाइविंग के लिए अक्टूबर से अप्रैल तक का समय सबसे बेहतर माना जाता है, क्योंकि इस दौरान समुद्र अपेक्षाकृत शांत रहता है और पानी साफ दिखाई देता है। हालांकि कुछ जगहों पर मई और जून में भी डाइविंग का आनंद लिया जा सकता है, लेकिन मानसून के दौरान कई डेस्टिनेशन पर गतिविधियां सीमित हो जाती हैं।
आज के समय में स्कूबा डाइविंग सिर्फ एडवेंचर नहीं बल्कि एक ऐसा अनुभव बन चुका है, जो लोगों को प्रकृति और समुद्री जीवन के बेहद करीब ले जाता है। भारत के ये खूबसूरत आइलैंड्स और बीच डेस्टिनेशन इस बात का प्रमाण हैं कि रोमांच और यादगार अनुभव के लिए हमेशा विदेश जाने की जरूरत नहीं होती।
अगर आप भी समुद्र की रहस्यमयी दुनिया को करीब से देखना चाहते हैं और कम बजट में कुछ नया एक्सप्लोर करना चाहते हैं, तो भारत के ये शानदार स्कूबा डाइविंग डेस्टिनेशन आपकी अगली ट्रिप को बेहद खास बना सकते हैं।
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

