बीसीसीआई ने स्मार्ट सनग्लासेस पर बैन लगाया, अब आईपीएल में खिलाड़ी भी साथ नहीं ले जा सकेंगे

बीसीसीआई ने स्मार्ट सनग्लासेस पर बैन लगाया, अब आईपीएल में खिलाड़ी भी साथ नहीं ले जा सकेंगे

प्रेषित समय :15:21:03 PM / Fri, May 29th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नई दिल्ली. अब खिलाडिय़ों और सपोर्ट स्टाफ को मैदान के अंदर तकनीक के इस्तेमाल को लेकर ज्यादा सतर्क रहना होगा. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की भ्रष्टाचार रोधी इकाई यानी एसीयू ने स्मार्ट सनग्लासेस पर सख्त प्रतिबंध लगा दिया है. बोर्ड को डर है कि इन हाईटेक चश्मों का गलत इस्तेमाल मैच से जुड़ी संवेदनशील जानकारी साझा करने या नियमों को तोडऩे के लिए किया जा सकता है. यही वजह है कि अब खिलाडिय़ों और अधिकारियों को पीएमओए क्षेत्र में ऐसे उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी.

बीसीसीआई की एएमयू ने सभी आईपीएल  फ्रेंचाइजियों को भेजे गए निर्देश में साफ कहा है कि स्मार्ट सनग्लासेस में लाइव स्ट्रीमिंग, वीडियो कॉलिंग, टेक्स्ट मैसेज और ऑडियो कम्युनिकेशन जैसी सुविधाएं मौजूद होती हैं. ये डिवाइस मोबाइल डेटा और वाई-फाई के जरिए काम करते हैं, इसलिए इन्हें सुरक्षा के लिहाज से खतरा माना गया है.

क्यों लगाया गया यह प्रतिबंध?

एएमयू के अनुसार, कुछ कंपनियां खिलाडिय़ों और सपोर्ट स्टाफ को ऐसे स्मार्ट गॉगल्स बेच रही थीं जिनमें कैमरा और कम्युनिकेशन फीचर्स मौजूद हैं. बोर्ड का मानना है कि मैच के दौरान इस तरह की तकनीक खेल की गोपनीयता और निष्पक्षता को प्रभावित कर सकती है. इसी कारण इन्हें ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग और कम्युनिकेशन उपकरण की श्रेणी में रखा गया है.

पहले भी सामने आ चुका है मामला

इस सीजन में राजस्थान रॉयल्स के मैनेजर रोमी भिंडर पर भी नियम तोडऩे के आरोप लगे थे. उन्हें डगआउट में बैठकर मोबाइल इस्तेमाल करते देखा गया था, जिसके बाद बीसीसीआई ने उन पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया और भविष्य के लिए चेतावनी भी दी. इस घटना के बाद बोर्ड ने अपने नियम और ज्यादा सख्त कर दिए हैं.

बीसीसीआई ने साफ कहा है कि मैच वाले दिन पीएमओ में प्रवेश करने से पहले खिलाडिय़ों और सपोर्ट स्टाफ को अपने स्मार्ट सनग्लासेस, मोबाइल फोन और स्मार्टवॉच सुरक्षा अधिकारियों के पास जमा कराने होंगे. नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-