एमपी के खरगोन में टेंपो ट्रैवलर पलटी, 2 की मौत, सगाई में जा रहे 19 लोग घायल, कई गंभीर

एमपी के खरगोन में टेंपो ट्रैवलर पलटी, 2 की मौत, सगाई में जा रहे 19 लोग घायल,  कई गंभीर

प्रेषित समय :14:18:18 PM / Mon, Jun 1st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

खरगोन. एमपी के खरगोन जिले में खंडवा-बड़ोदरा हाईवे पर सोमवार 1 जून की सुबह मगरिया फाटा के पास एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर पलट गया और उसकी चपेट में एक बाइक भी आ गई. हादसे में बाइक सवार एक महिला और एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि टेंपो ट्रैवलर में सवार 19 लोग घायल हो गए. घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है, जहां तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है.

सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे यात्री

जानकारी के अनुसार टेंपो ट्रैवलर में सवार लोग खंडवा जिले के पिपलोद क्षेत्र में आयोजित एक सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे. वाहन औरंगपुरा से रवाना हुआ था और उसमें कुल 17 लोग सवार थे. सभी लोग पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए यात्रा कर रहे थे. यात्रा के दौरान जब वाहन जैतापुर थाना क्षेत्र के मगरिया फाटा के पास पहुंचा, तभी यह हादसा हो गया.

सामने कार आने पर बिगड़ा संतुलन

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टेंपो ट्रैवलर क्रमांक रूएमपी 10-टी-1599 के सामने अचानक एक कार आ गई. चालक ने वाहन को बचाने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया. अनियंत्रित हुआ टेंपो ट्रैवलर सड़क पर पलटते हुए एक बाइक क्रमांक एमपी 10 जेडई-5250 पर जा गिरा. हादसा इतना अचानक हुआ कि बाइक सवारों को संभलने का मौका नहीं मिला. टक्कर और वाहन के पलटने से घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई.

महिला और युवती की मौके पर मौत

बाइक सवार बालूसिंह अपनी पत्नी मीना व बेटी अनीता निवासी खकनार बुरहानपुर जा रहे थे. मीना व अनीता की मौत हो गई. बालू गंभीर रूप से घायल है.हादसे के बाद स्थानीय लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया गया. सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस भी घटनास्थल पर पहुंची. मृतकों की पहचान और अन्य आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.

15 लोग घायल, तीन की हालत गंभीर

हादसे में टेंपो ट्रैवलर में सवार 15 लोग घायल हुए हैं. सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में घायलों का उपचार जारी है. जिला अस्पताल के डॉ. कुंदन सिसोदिया के अनुसार घायलों में से तीन लोगों की हालत गंभीर है. उन्हें बेहतर निगरानी और उपचार के लिए आईसीयू में भर्ती किया गया है. अन्य घायलों का भी उपचार किया जा रहा है. घायलों में अधिकांश महिलाएं शामिल हैं.

चालक ने बताई हादसे की वजह

टेंपो ट्रैवलर के चालक विजय बछानिया ने बताया कि वह औरंगपुरा से 17 लोगों को लेकर खंडवा जिले के पिपलोद जा रहा था. उनके अनुसार सामने अचानक एक ब्रेजा कार आ गई थी, जिसे बचाने के प्रयास में वाहन का संतुलन बिगड़ गया. चालक का कहना है कि हादसे के दौरान वह बेहोश हो गया था, इसलिए उसे यह जानकारी नहीं है कि वाहन बाइक की चपेट में कैसे आया. पुलिस चालक के बयान सहित अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-