दिल्ली के मुकुंदपुर में हादसा : सिलेंडर फटने से मकान गिरा, 6 लोग मलबे से निकाले गए, सर्च-रेस्क्यू जारी

दिल्ली के मुकुंदपुर में हादसा : सिलेंडर फटने से मकान गिरा, 6 लोग मलबे से निकाले गए, सर्च-रेस्क्यू जारी

प्रेषित समय :12:05:44 PM / Tue, Jun 2nd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नई दिल्ली. दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके में मंगलवार 2 जून की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया. भलस्वा डेरी के पास स्थित मुकुंदपुर-2 के ईशु विहार में एक मकान में एलपीजी सिलेंडर विस्फोट होने के बाद पूरा घर ढह गया. हादसे के समय मकान में मौजूद कई लोगों के मलबे में दब जाने की आशंका जताई गई, जिसके बाद पुलिस, दमकल विभाग और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए.

दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार, सुबह 9:37 बजे मुकुंदपुर-2 के ईशु विहार, गली नंबर-1 से धमाके और मकान गिरने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाडिय़ां घटनास्थल पर भेजी गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारी गिरिराज ने बताया कि शुरुआती जांच में एलपीजी सिलेंडर विस्फोट को हादसे का कारण माना जा रहा है. विस्फोट के चलते करीब 250 वर्ग गज में फैला एक मंजिला मकान पूरी तरह ढह गया.

राहत दल ने अब तक मलबे से 6 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है. इनमें दो लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि दो महिलाएं भी बचाए गए लोगों में शामिल हैं. सभी घायलों को उपचार के लिए बीएसए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

जानकारी के अनुसार, मकान में कुछ मजदूर अपने परिवारों के साथ रहते थे. फिलहाल मलबा हटाने का काम जारी है. अधिकारियों का कहना है कि अभी किसी अन्य व्यक्ति के मलबे में फंसे होने की संभावना नहीं दिख रही है, हालांकि एहतियात के तौर पर तलाशी अभियान जारी रखा गया है. पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-