सिंगापुर/नई दिल्ली. सिंगापुर सरकार ने भारतीय समुदाय को निशाना बनाने और देश की बहुसांस्कृतिक सामाजिक व्यवस्था को कमजोर करने वाले ऑनलाइन कंटेंट के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को ऐसे पोस्ट और वीडियो ब्लॉक करने के निर्देश जारी किए हैं. गृह मंत्रालय के निर्देश पर पुलिस ने उन 14 पोस्टों की पहचान की है, जिनमें यह दावा किया गया था कि सिंगापुर में भारतीयों की संख्या अत्यधिक बढ़ रही है और वे देश की सांस्कृतिक पहचान तथा राजनीतिक व्यवस्था पर प्रभाव डाल रहे हैं.
सिंगापुर सरकार के इस कदम को नस्लीय सौहार्द और सामाजिक एकता की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है. अधिकारियों के अनुसार संबंधित पोस्टों में भारतीय समुदाय के खिलाफ भ्रामक, भड़काऊ और अपमानजनक सामग्री प्रसारित की जा रही थी. इन पोस्टों का उद्देश्य विभिन्न नस्लीय समूहों के बीच अविश्वास और वैमनस्य पैदा करना था.
जांच में सामने आया कि कुछ पोस्टों में सिंगापुर के भारतीय मूल के राष्ट्रपति थरमन शनमुग रत्नम की तस्वीरों का उपयोग करते हुए यह दावा किया गया कि देश की सरकार और प्रशासन में भारतीय मूल के लोगों का प्रतिनिधित्व आवश्यकता से अधिक बढ़ गया है. इसके अलावा कई पोस्टों में यह आरोप लगाया गया कि भारतीय प्रवासियों की बढ़ती संख्या सिंगापुर की सांस्कृतिक पहचान के लिए खतरा बन रही है.
गृह मंत्रालय के अनुसार पिछले महीने चीनी भाषा के ऑनलाइन सूचना नेटवर्क में ऐसे संदेश प्रसारित होने शुरू हुए थे, जिनमें सिंगापुर की सांस्कृतिक पहचान और जातीय राजनीति को लेकर चिंताएं व्यक्त की गई थीं. इसके बाद सोशल मीडिया पर ऐसे कई वीडियो और पोस्ट सामने आए, जिनमें दावा किया गया कि सिंगापुर भारतीयों से भरता जा रहा है और देश की बहुसांस्कृतिक नीति केवल एक दिखावा है.
जांच एजेंसियों ने पाया कि यह सामग्री संभवतः चीन स्थित किसी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से शुरू हुई और बाद में अन्य वेबसाइटों तथा सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से प्रसारित की गई. अधिकारियों ने यह भी कहा कि सिंगापुर के स्थानीय डिजिटल वातावरण में इस प्रकार की सामग्री को जानबूझकर फैलाने के प्रयास किए गए थे.
सिंगापुर के द्वितीय गृह मंत्री एवं कानून मंत्री एडविन टोंग ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि ये वीडियो और पोस्ट देश की बहुजातीय और बहुसांस्कृतिक सामाजिक संरचना पर सीधा हमला हैं. उन्होंने कहा कि सिंगापुर की पहचान विभिन्न समुदायों के समान सम्मान और सहभागिता पर आधारित है तथा किसी भी समुदाय के खिलाफ नफरत फैलाने के प्रयास स्वीकार नहीं किए जाएंगे.
सरकार द्वारा जारी निर्देश के तहत फेसबुक, यूट्यूब और एक्स जैसे प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को आदेश दिया गया है कि वे सिंगापुर के उपयोगकर्ताओं के लिए इन पोस्टों और वीडियो की पहुंच को तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित करें. यह कार्रवाई ऑनलाइन क्रिमिनल हार्म्स एक्ट (ओसीएचए) के तहत की गई है.
अधिकारियों के अनुसार संबंधित पोस्टों में भारतीय समुदाय के लिए अपमानजनक और तिरस्कारपूर्ण भाषा का प्रयोग किया गया था. कुछ सामग्री में भारतीयों की बढ़ती संख्या की तुलना ऐसे शब्दों से की गई, जिन्हें नस्लीय रूप से आपत्तिजनक माना गया. सरकार ने इसे समाज में विभाजन पैदा करने और भारतीय समुदाय के प्रति दुर्भावना फैलाने का प्रयास बताया है.
सिंगापुर सरकार ने स्पष्ट किया है कि देश न तो नीतिवाद और न ही विदेशी विरोधी मानसिकता को स्वीकार करता है. किसी भी समुदाय को दूसरे समुदाय के खिलाफ खड़ा करने की कोशिशों को सख्ती से अस्वीकार किया जाएगा. सरकार का कहना है कि भारतीय मूल के नागरिक और प्रवासी श्रमिक देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं और वे सिंगापुर समाज का सम्मानित हिस्सा हैं.
हालांकि मंत्री एडविन टोंग ने यह भी स्पष्ट किया कि अब तक की जांच में किसी विदेशी सरकार की ओर से सुनियोजित अभियान चलाए जाने के प्रमाण नहीं मिले हैं. उनके अनुसार उपलब्ध साक्ष्य यह संकेत देते हैं कि यह सामग्री विभिन्न विदेशी इंटरनेट उपयोगकर्ताओं द्वारा स्वतः प्रसारित की गई हो सकती है. फिर भी सरकार इस मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी कड़े कदम उठाए जा सकते हैं.
सिंगापुर सरकार ने दोहराया है कि नस्लीय सौहार्द, सामाजिक समरसता और बहुसांस्कृतिक सह अस्तित्व देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और इन्हें कमजोर करने वाले किसी भी प्रयास को कानून के दायरे में लाकर सख्ती से रोका जाएगा.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

