पश्चिम मध्य रेलवे ने मई 2026 में माल यातायात से 558 करोड़ से अधिक का राजस्व अर्जित किया

पश्चिम मध्य रेलवे ने मई 2026 में माल यातायात से 558 करोड़ से अधिक का राजस्व अर्जित किया

प्रेषित समय :19:26:07 PM / Tue, Jun 9th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. पश्चिम मध्य रेल में जबलपुर, भोपाल एवं कोटा तीनों मंडलों के माल यातायात में निरंतर वृद्धि दर्ज की जा रही है. महाप्रबंधक के मार्गदर्शन में बेहतर परिचालन एवं ग्राहक-केंद्रित सेवाओं के परिणामस्वरूप पश्चिम मध्य रेल ने मई माह में माल यातायात से 558 करोड़ 21 लाख का ऑरिजिनेटिंग राजस्व अर्जित किया है. यह उपलब्धि गत वर्ष के इसी माह में अर्जित 533 करोड़ 30 लाख रुपये की तुलना में 4.67 प्रतिशत अधिक है.

मंडलवार प्रदर्शन की बात करें तो माह मई 2026 में जबलपुर मंडल ने 406 करोड़ 64 लाख रुपये भोपाल मंडल ने 77 करोड़ 79 लाख रुपये तथा कोटा मंडल ने 73 करोड़ 78 लाख रुपये का ऑरिजिनेटिंग राजस्व अर्जित किया. तीनों मंडलों के समन्वित प्रयासों एवं माल परिवहन सुविधाओं में निरंतर सुधार के कारण यह उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त हुई है.
 
चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम दो माह के दौरान पश्चिम मध्य रेल ने माल यातायात से कुल 1039 करोड़ 02 लाख का ऑरिजिनेटिंग राजस्व अर्जित किया है. यह पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि में प्राप्त 1022 करोड़ 92 लाख के राजस्व की तुलना में लगभग 2 प्रतिशत अधिक है. वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम दो माह में मंडलवार अर्जित ऑरिजिनेटिंग राजस्व में जबलपुर मंडल का योगदान 748 करोड़ 54 लाख, भोपाल मंडल का 143 करोड़ 65 लाख तथा कोटा मंडल का 146 करोड़ 83 लाख रहा है.

पश्चिम मध्य रेल द्वारा माल यातायात की उत्तरोत्तर वृद्धि के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. माल यातायात को बढ़ावा देने हेतु मालगाडिय़ों की औसत गति में वृद्धि कर विभिन्न रेल खंडों की क्षमता बढ़ाई गई है तथा आधारभूत संरचना एवं परिचालन व्यवस्था में सुधार किए गए हैं. गतिशक्ति कार्गो टर्मिनल एवं साइडिंगों के विकास के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है. गुड्स टर्मिनलों की कार्यप्रणाली में सुधार तथा मालगाडिय़ों के डिटेंशन में कमी लाकर माल परिवहन को अधिक सुगम एवं तेज बनाया गया है. माल गोदामों में चौबीसों घंटे लोडिंग एवं अनलोडिंग सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा नए माल गोदामों के विकास एवं उन्नयन का कार्य भी प्रगति पर है. इन प्रयासों के परिणामस्वरूप माल यातायात में लगातार सकारात्मक वृद्धि दर्ज की जा रही है. पश्चिम मध्य रेल द्वारा माल ग्राहकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने, माल ढुलाई प्रक्रियाओं को सरल बनाने तथा परिचालन दक्षता में निरंतर सुधार के फलस्वरूप यह उपलब्धि संभव हो रही है. पश्चिम मध्य रेल भविष्य में भी ग्राहकों की आवश्यकताओं के अनुरूप उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करते हुए राष्ट्र की आर्थिक प्रगति में अपना महत्वपूर्ण योगदान जारी रखेगी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-