सिवनी में 22 मवेशी, 8 नाटे से भरा ट्रक पुलिस ने किया जब्त, तस्कर फरार, मवेशियों को गौशाला भेजा

सिवनी में 22 मवेशी, 8 नाटे से भरा ट्रक पुलिस ने किया जब्त, तस्कर फरार, मवेशियों को गौशाला भेजा

प्रेषित समय :12:27:38 PM / Tue, Jun 9th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

सिवनी. मध्य प्रदेश के सिवनी की कोतवाली पुलिस ने सोमवार देर रात छिंदवाड़ा रोड स्थित नेशनल हाईवे बायपास ब्रिज पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मवेशियों से भरे एक ट्रक को जब्त किया. पुलिस की घेराबंदी की भनक लगते ही ट्रक में सवार आरोपी वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए.

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रक में बड़ी संख्या में मवेशियों को क्रूरतापूर्वक भरकर महाराष्ट्र की ओर ले जाया जा रहा है. इस सूचना पर पुलिस टीम ने रणनीति बनाकर हाईवे पर घेराबंदी की. देर रात ट्रक क्रमांक एमएच-29-बीई-6477 को रोककर उसकी तलाशी ली गई. जांच के दौरान ट्रक में 22 मवेशी और 8 नाटे ठूंस-ठूंसकर भरे हुए पाए गए.

तेंदुखेड़ा से नागपुर ले जाया जा रहा था

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि इन मवेशियों को नरसिंहपुर जिले के तेंदुखेड़ा क्षेत्र से लोड कर नागपुर ले जाया जा रहा था. पुलिस के अनुसार, मवेशियों के इस परिवहन में पशु क्रूरता अधिनियम और परिवहन नियमों का उल्लंघन किया गया था. कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक और अन्य आरोपी वाहन छोड़कर भाग निकले, जिनकी तलाश जारी है. पुलिस ने जब्त किए गए सभी मवेशियों का पशु चिकित्सकों से स्वास्थ्य परीक्षण कराया. इसके बाद उन्हें सुरक्षित रूप से बींझावाड़ा क्षेत्र स्थित दयोदय गौशाला भेज दिया गया है, जहां उनकी उचित देखभाल की व्यवस्था की गई है.

मवेशी तस्करी पर निगरानी बढ़ाई

कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी ने बताया कि इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है. ट्रक मालिक, चालक और अन्य संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं. पुलिस ने यह भी कहा कि जिले से होने वाली अवैध मवेशी तस्करी पर लगातार निगरानी बढ़ाई जा रही है और ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सतीश तिवारी, एसआई राजेश शर्मा, एएसआई देवेंद्र जायसवाल सहित कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-