जबलपुर में गर्लफ्रेंड के साथ मिलकर फायरिंग करने वाला युवक गिरफ्तार, लोकेशन लीक करने के शक में चलाई थी गोलियां

जबलपुर में गर्लफ्रेंड के साथ मिलकर फायरिंग करने वाला युवक गिरफ्तार, लोकेशन लीक करने के शक में चलाई थी गोलियां

प्रेषित समय :14:45:57 PM / Tue, Jun 9th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर स्थित लाल बिल्डिंग गढ़ा क्षेत्र में युवक पर तीन राउंड फायरिंग करने वाले शातिर बदमाश करण विश्वकर्मा और उसकी गर्लफ्रेंड सोनानी बर्मन को आज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल पिस्टल भी जब्त कर ली है.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार करण विश्वकर्मा अपनी गर्लफ्रेंड के साथ बीती रात 11 बजे के लगभग बाइक से लाल बिल्डिंग क्षेत्र पहुंचा था. यहां उसकी मुलाकात अंकित लखेरा से हुई. दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद करण ने पिस्टल निकालकर एक के बाद एक तीन राउंड फायर कर दिए. गोली अंकित को नहीं लगी, लेकिन जान बचाने के लिए भागते समय वह दीवार से टकरा गया, जिससे उसके सिर में चोट आई. फायरिंग की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

स्थानीय लोगों ने घायल अंकित को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया. जांच में सामने आया कि करण को शक था कि अंकित उसके विरोधियों को उसकी लोकेशन बताता है. इसी बात को लेकर दोनों के बीच एक महीने पहले भी विवाद हुआ था. करण की हर्ष अहिरवार और आर्यन से पुरानी दुश्मनी भी बताई जा रही है. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे. पुलिस ने शिकायत दर्ज कर तलाश शुरू की और करण विश्वकर्मा तथा उसकी गर्लफ्रेंड सोनानी बर्मन को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अब महिला की भूमिका की भी जांच कर रही है. पुलिस अब आरोपी करण विश्वकर्मा के खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. आरोपियों से पूछताछ जारी है और वारदात में इस्तेमाल पिस्टल जब्त कर ली गई है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-