रायपुर. असम के जोरहाट में भारतीय वायुसेना के AN-32 परिवहन विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से पांच वायुसेना कर्मियों के निधन की दुखद खबर सामने आई है. बताया जा रहा है कि यह हादसा नियमित उड़ान के दौरान लैंडिंग के समय हुआ. दुर्घटना में विमान के सह-पायलट घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है.
इस दुखद घटना पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा और सेवा में समर्पित इन वीर जवानों का बलिदान सदैव याद रखा जाएगा. उन्होंने कहा कि देश के प्रति उनकी निष्ठा, साहस और कर्तव्यपरायणता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी.
मुख्यमंत्री ने दिवंगत जवानों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की कामना की. उन्होंने कहा कि पूरा देश इस दुख की घड़ी में शहीदों के परिवारों के साथ खड़ा है.
दुर्घटना में जान गंवाने वालों में स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीरवायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीरवायु दानिश आलम शामिल हैं. भारतीय वायुसेना ने सभी दिवंगत कर्मियों को कर्तव्य पालन के दौरान सर्वोच्च समर्पण का परिचायक बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है.
इस हादसे के बाद देशभर में शोक का माहौल है. विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक और सैन्य संगठनों ने भी दिवंगत जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

