जबलपुर में नर्मदा नदी में डूबने से दो दोस्तों की मौत, गौर के सिलुआ घाट पर हादसा

जबलपुर में नर्मदा नदी में डूबने से दो दोस्तों की मौत, गौर के सिलुआ घाट पर हादसा

प्रेषित समय :14:58:52 PM / Sun, Jun 14th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में गौर स्थित सिलुआ घाट पर आज दोपहर नर्मदा नदी में नहाते वक्त दो दोस्तों की डूबने से मौत हो गई. घटना की खबर मिलते ही  पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया. करीब तीन घंटे की तलाश के बाद दोनों के शव घटनास्थल से करीब 50 मीटर दूर मिले.

बताया गया है कि ग्राम चौखड़ा निवासी ध्रुव पटेल उम्र 19 वर्ष व सागर पटेल 17 वर्ष अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ रविवार सुबह करीब 11 बजे सिलुआ घाट नहाने पहुंचे थे. सभी घाट किनारे नहा रहे थे. नहाते समय ध्रुव अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. उसे बचाने के लिए सागर भी पानी में उतरा, लेकिन दोनों गहरे भंवर में फंस गए. देखते ही देखते दोनों नदी में समा गए.

दोनों को डूबते देख दोस्तों ने शोर मचाया तो घाट पर मौजूद नाविक उन्हें बचाने के लिए नदी में कूद पड़े. वहीं कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक दोनों पानी में लापता हो चुके थे. गौर चौकी प्रभारी नितिन पांडे पुलिस टीम और एसडीआरएफ के साथ मौके पर पहुंचे. रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया और करीब तीन घंटे बाद दोनों के शव चट्टानों के पास फंसे मिले. पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर पंचनामा कार्रवाई की और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया. मामले की जांच की जा रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-