यूएन वूमेन के सेफ सिटी प्रोजेक्ट में शामिल हुआ जबलपुर, महिला सुरक्षा के लिए तैयार हुआ ऐतिहासिक मास्टर प्लान

यूएन वूमेन के सेफ सिटी प्रोजेक्ट में शामिल हुआ जबलपुर, महिला सुरक्षा के लिए तैयार हुआ ऐतिहासिक मास्टर प्लान

प्रेषित समय :19:36:15 PM / Wed, Jun 17th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के क्षेत्र में जबलपुर ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान दर्ज कराई है. संयुक्त राष्ट्र की संस्था यूएन वूमेन द्वारा संचालित प्रतिष्ठित "सेफ सिटीज एंड सेफ पब्लिक स्पेसेस फॉर वूमेन" परियोजना में जबलपुर का चयन भारत के एकमात्र शहर के रूप में किया गया है. दुनिया के चुनिंदा 65 शहरों में संचालित इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत अब संस्कारधानी में महिलाओं के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और सशक्त वातावरण विकसित करने की दिशा में व्यापक कार्ययोजना तैयार की जाएगी.

इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद बुधवार को मानस भवन के लघु कक्ष सभागार में महिला सुरक्षा और जनजागरूकता को लेकर एक महत्वपूर्ण कार्यशाला आयोजित की गई. कार्यशाला का आयोजन नगर निगम और यूएन वूमेन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया, जिसमें महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू की अगुवाई में महिला सुरक्षा को लेकर विस्तृत मंथन हुआ. कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष रिंकुज विज, एमआईसी सदस्य, महिला पार्षदों तथा यूएन वूमेन की टीम ने भाग लिया और शहर को महिलाओं के लिए अधिक सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से विभिन्न सुझावों पर चर्चा की.

बैठक में मौजूद महिला जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने वार्डों और क्षेत्रों के अनुभव साझा करते हुए सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए. इन सुझावों के आधार पर शहर के लिए एक विस्तृत मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य महिलाओं, छात्राओं और कामकाजी युवतियों को सार्वजनिक स्थलों पर अधिक सुरक्षा और सुविधा उपलब्ध कराना है.

यूएन वूमेन की प्रतिनिधि जौयत्री रे और रुद्राक्ष पाठक ने कार्यशाला के दौरान परियोजना की रूपरेखा प्रस्तुत की तथा नगर निगम और जनप्रतिनिधियों के सहयोगात्मक दृष्टिकोण की सराहना की. उन्होंने कहा कि जबलपुर का चयन इस बात का प्रमाण है कि शहर महिला सुरक्षा और समावेशी विकास के क्षेत्र में गंभीरता से कार्य करने की क्षमता रखता है.

महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कहा कि यह केवल नगर निगम की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे जबलपुर के लिए गर्व का विषय है. उन्होंने विश्वास जताया कि यूएन वूमेन के सहयोग से तैयार होने वाली यह परियोजना शहर को महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के क्षेत्र में राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाएगी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-