सक्ती. जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सक्ती पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1.44 करोड़ रुपये मूल्य का 209 किलोग्राम गांजा जब्त किया है. इस मामले में राजस्थान के एक युवक और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने गांजा, ट्रेलर, फ्लोर्सपार पाउडर और मोबाइल फोन समेत कुल 1.66 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है.
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन में चौकी फगुरम और थाना डभरा पुलिस की संयुक्त टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से राजस्थान की ओर एक ट्रेलर में बड़ी मात्रा में अवैध गांजा ले जाया जा रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम बोडासागर स्थित सागर फैमिली ढाबा के पास खरसिया-डभरा मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी कर संदिग्ध ट्रेलर को रोका.
तलाशी के दौरान ट्रेलर में रखी आठ प्लास्टिक बोरियों से 40 पैकेट गांजा बरामद किए गए. प्रत्येक पैकेट का वजन लगभग पांच किलोग्राम था. कुल 208.965 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 1 करोड़ 44 लाख 48 हजार 250 रुपये बताई गई है.
कार्रवाई के दौरान गांजा परिवहन में उपयोग किए जा रहे ट्रेलर को भी जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 40 लाख रुपये आंकी गई है. इसके अलावा ट्रेलर में मौजूद फ्लोर्सपार पाउडर तथा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए. जब्त सामग्री का कुल मूल्य 1 करोड़ 66 लाख 20 हजार 460 रुपये है.
पूछताछ में आरोपियों द्वारा गांजा परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने राजस्थान के अजमेर जिले निवासी 20 वर्षीय अर्पित सिंह और उसके साथ मौजूद एक अपचारी बालक को गिरफ्तार कर लिया. दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए करीब 26 घंटे तक लगातार बैरिकेडिंग और सघन चेकिंग अभियान चलाया गया. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

