बड़ा हादसा टला : रनवे पर खड़ी इंडिगो फ्लाइट पर अचानक गिरी आकाशीय बिजली, बाल-बाल बचे 141 यात्री

बड़ा हादसा टला : रनवे पर खड़ी इंडिगो फ्लाइट पर अचानक गिरी आकाशीय बिजली, बाल-बाल बचे 141 यात्री

प्रेषित समय :11:36:01 AM / Sat, Jun 20th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

कोलकाता. पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के एयरपोर्ट पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. यहां अगरतला जाने के लिए रनवे पर खड़ी इंडिगो की एक फ्लाइट पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई. जिस वक्त यह खौफनाक घटना हुई, उस समय विमान में 141 यात्री और चालक दल के छह सदस्य सवार थे. गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री को कोई नुकसान नहीं पहुंचा. हालांकि, एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट पर काम कर रहे दो कर्मचारियों को तुरंत मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया.

एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों के मुताबिक, शुक्रवार सुबह कोलकाता और उसके आसपास के इलाकों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का दौर जारी था. खराब मौसम को देखते हुए एयरपोर्ट ऑपरेशन्स कंट्रोल सेंटर ने पहले ही अलर्ट जारी किया हुआ था. सुबह करीब 9:30 बजे इंडिगो की फ्लाइट एरोब्रिज पर उड़ान भरने के लिए तैयार खड़ी थी. इसी दौरान आसमान से तेज कड़कती हुई बिजली सीधे विमान पर आ गिरी. बिजली गिरने की वजह से विमान का पावर सिस्टम बुरी तरह प्रभावित हुआ और अंदर अचानक पूरी लाइट बंद हो गई, जिससे यात्रियों में कुछ पल के लिए दहशत फैल गई.

यात्रियों को सुरक्षित निकाल दूसरे विमान से भेजा गया

बिजली गिरने की इस घटना के तुरंत बाद एयरलाइन प्रशासन ने सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से विमान से नीचे उतार लिया. इसके बाद इंजीनियरों की टीम ने प्रभावित विमान की जरूरी और तकनीकी जांच शुरू कर दी. यात्रियों की परेशानी को देखते हुए एयरलाइन ने तुरंत दूसरे एअरबस का इंतजाम किया. जो फ्लाइट सुबह 9:20 बजे उड़ान भरने वाली थी, वह इस घटना के कारण दोपहर 12:50 बजे अगरतला के लिए रवाना हो सकी. उधर, इंडिगो के मुताबिक घटना की चपेट में आए दोनों ग्राउंड स्टाफ को मेडिकल चेकअप के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है. बारिश और तूफान के चलते कोलकाता में कई अन्य जगहों पर भी यातायात प्रभावित हुआ है.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-