कटनी रेलवे स्टेशन परिसर के पास फायरिंग, शराब दुकान के सामने हुई घटना, पुलिस आरोपी की कर रही तलाश

कटनी रेलवे स्टेशन परिसर के पास फायरिंग, शराब दुकान के सामने हुई घटना, पुलिस आरोपी की कर रही तलाश

प्रेषित समय :17:52:41 PM / Sun, Jun 21st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

कटनी. जबलपुर रेल मंडल के कटनी रेलवे स्टेशन परिसर के पास शनिवार देर रात फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई. इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी रविवार को सामने आया है. स्टेशन से लगभग 100 मीटर दूर एक अंग्रेजी शराब दुकान के भीतर एक युवक ने पिस्तौल से चार राउंड फायर किए. हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ.

यह वारदात शनिवार रात करीब 11:30 बजे कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई. रेलवे स्टेशन मार्ग होने के कारण यह इलाका आमतौर पर व्यस्त रहता है. घटना के समय भी लोग स्टेशन की ओर आ-जा रहे थे, तभी एक युवक शराब दुकान के बाहर पहुंचा और कर्मचारियों पर फायरिंग शुरू कर दी.

अचानक हुए इस हमले से दुकान के कर्मचारी और राहगीर स्तब्ध रह गए. चश्मदीदों के अनुसार, आरोपी ने एक के बाद एक चार गोलियां चलाईं. कोई भी गोली किसी कर्मचारी या वहां मौजूद व्यक्ति को नहीं लगी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया.

रविवार को इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. फुटेज में आरोपी को बेखौफ होकर दुकान के भीतर फायरिंग करते देखा जा सकता है. पुलिस ने फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच और पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह वारदात पुरानी रंजिश का परिणाम बताई जा रही है.

आपसी विवाद में हुई फायरिंग

कोतवाली थाना प्रभारी राखी पांडे ने बताया है कि शनिवार देर रात रेलवे स्टेशन रोड पर शराब दुकान में आपसी विवाद और पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग की घटना हुई है. शराब दुकान के प्रबंधक/कर्मचारी की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला पंजीबद्ध कर लिया गया है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीमें रवाना कर दी गई हैं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-