सिवनी. मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में जबलपुर-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार की तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. कुरई थाना क्षेत्र के अंतर्गत पचधार हाईवे के पास सुबह लगभग चार बजे मजदूरों से ओवरलोड एक तूफान गामा गाड़ी अनियंत्रित होकर हाईवे के किनारे बने एक घर में जा घुसी. इस भीषण हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई जबकि कई गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
यह दुर्घटनाग्रस्त वाहन मंडला और डिंडोरी जिलों से मजदूरों को लेकर रोजगार के लिए केरल जा रहा था. गाड़ी में क्षमता से कहीं अधिक लोग सवार थे; इस तूफान गाड़ी में 12 पुरुष, 12 महिलाएं और 5 बच्चों सहित कुल 29 लोग ठसाठस भरे थे.
फोरलेन में दूसरी तरफ जाकर घर में घुसा वाहन
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि नागपुर की ओर जा रहे इस वाहन के चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई थी. इसी के चलते गाड़ी अनियंत्रित हो गई और अपनी लेन से भटक कर बाईं से दाईं ओर (दूसरी लेन में) चली गई, जिसके बाद वह सीधे हाईवे के किनारे स्थित एक घर की दीवार तोड़ते हुए अंदर जा घुसी. गनीमत यह रही कि जिस घर में यह बेकाबू वाहन घुसा. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की एफआरवी टीम बिना समय गंवाए घटनास्थल पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया.
12 लोगों को सिवनी जिला अस्पताल लाया गया
मौके पर मौजूद 10 से 12 घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से तुरंत कुरई के अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए पहुंचाया गया. वहीं, गंभीर रूप से घायल 12 लोगों को सिवनी जिला अस्पताल लाया गया.
बढ़ सकती है हताहतों की संख्या
बरघाट के एसडीओपी ललित गठरे ने बताया कि इस टक्कर में एक व्यक्ति ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया था. सिवनी अस्पताल लाए गए 12 घायलों में से दो की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और उनकी भी मौत होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे मृतकों का आंकड़ा और बढ़ सकता है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

