नवा रायपुर टेक्सटाइल पार्क से बदलेगी छत्तीसगढ़ की तस्वीर, 445 करोड़ के निवेश से 11 हजार से अधिक रोजगार

नवा रायपुर टेक्सटाइल पार्क से बदलेगी छत्तीसगढ़ की तस्वीर, 445 करोड़ के निवेश से 11 हजार से अधिक रोजगार

प्रेषित समय :16:11:52 PM / Sat, Jun 27th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार नवा रायपुर को देश के प्रमुख Textile & Garment Manufacturing Hub के रूप में विकसित करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि नवा रायपुर का टेक्सटाइल पार्क प्रदेश के युवाओं और महिलाओं के लिए स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार उपलब्ध कराने का मजबूत माध्यम बनेगा.

नवा रायपुर स्थित 81 एकड़ में विकसित किए जा रहे आधुनिक टेक्सटाइल पार्क में पहली औद्योगिक इकाई की शुरुआत हो चुकी है. तमिलनाडु की Swift Textiles Private Limited यहां करीब 235 करोड़ रुपये के निवेश से गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित कर रही है. इस परियोजना से 4,600 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है. कंपनी बच्चों के परिधानों (Kidswear) और निट गारमेंट्स का निर्माण कर यूरोप और अमेरिका सहित अंतरराष्ट्रीय बाजारों में निर्यात करेगी.

टेक्सटाइल पार्क में Swift Textiles के अलावा Punit Creations और Drishti Designs LLP को भी भूमि आवंटित की जा चुकी है. इन तीनों परियोजनाओं में कुल 445 करोड़ रुपये के निवेश से 11 हजार से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है.

राज्य सरकार पार्क में विश्वस्तरीय अधोसंरचना विकसित कर रही है, जिसमें पक्की सड़कें, जल निकासी व्यवस्था, पावर सब-स्टेशन, जलापूर्ति, स्ट्रीट लाइट, प्रशासनिक भवन, कॉमन फैसिलिटी सेंटर, इफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ETP) और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन जैसी आधुनिक सुविधाएं शामिल हैं. बेहतर कनेक्टिविटी और मजबूत लॉजिस्टिक्स के कारण यह पार्क निवेशकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहा है.

सरकार की औद्योगिक विकास नीति 2024-30 में टेक्सटाइल एवं रेडीमेड गारमेंट सेक्टर को थ्रस्ट सेक्टर के रूप में विशेष प्राथमिकता दी गई है. रोजगार को बढ़ावा देने के लिए महिला कर्मचारियों पर 6,000 रुपये और पुरुष कर्मचारियों पर 5,000 रुपये प्रति माह तक रोजगार सहायता पांच वर्षों तक देने का प्रावधान किया गया है.

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि उद्योगों के विस्तार से प्रदेश में रोजगार, आर्थिक गतिविधियों और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी. उन्होंने विश्वास जताया कि नवा रायपुर का टेक्सटाइल पार्क भविष्य में छत्तीसगढ़ को देश के अग्रणी टेक्सटाइल एवं गारमेंट निर्माण केंद्र के रूप में नई पहचान दिलाएगा.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-