इंडिगो हवाई उड़ानों पर फिर चली कैंची, जुलाई में दिल्ली सहित तीन शहरों की सेवाएं घटीं

इंडिगो हवाई उड़ानों पर फिर चली कैंची, जुलाई में दिल्ली सहित तीन शहरों की सेवाएं घटीं

प्रेषित समय :17:04:46 PM / Sat, Jun 27th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. जबलपुर से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए जुलाई माह परेशानी भरा रहने वाला है. इंडिगो एयरलाइंस ने जुलाई का नया फ्लाइट शेड्यूल जारी करते हुए जबलपुर से दिल्ली, नवी मुंबई और बैंगलुरु के लिए संचालित कई उड़ानों में कटौती कर दी है. नए शेड्यूल के बाद यात्रियों को सीमित उड़ान विकल्पों के साथ महंगे हवाई किराए का भी सामना करना पड़ सकता है.

एयरलाइन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार दो जुलाई से 30 जुलाई तक जबलपुर-दिल्ली-जबलपुर की दूसरी उड़ान अब प्रतिदिन संचालित नहीं होगी. यह सेवा एक दिन छोड़कर दूसरे दिन उपलब्ध रहेगी. वहीं जबलपुर-नवी मुंबई-जबलपुर और जबलपुर-बैंगलुरु-जबलपुर के बीच सीधी उड़ानों की संख्या घटाकर सप्ताह में केवल चार दिन कर दी गई है.

नए शेड्यूल के मुताबिक जबलपुर और नवी मुंबई के बीच विमान मंगलवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार को उड़ान भरेगा. वहीं बैंगलुरु-जबलपुर मार्ग पर विमान सोमवार, बुधवार, शनिवार और रविवार को संचालित होगा. सप्ताह के बाकी दिनों में इन दोनों शहरों के लिए सीधी हवाई सेवा उपलब्ध नहीं रहेगी.

उड़ानों में कटौती से नियमित यात्रियों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों की मुश्किलें बढ़ने की आशंका है. यात्रियों का कहना है कि उड़ानों की संख्या घटने से सीटों की उपलब्धता कम होगी और मांग बढ़ने पर हवाई किराए में भी इजाफा होना तय है. इससे यात्रा पहले की तुलना में अधिक महंगी और असुविधाजनक हो सकती है.

यात्रियों ने आरोप लगाया है कि इंडिगो लगातार जबलपुर से संचालित उड़ानों में कमी कर रही है. उनका कहना है कि बार-बार उड़ानें घटने से यात्रा की योजना प्रभावित हो रही है और कई बार दूसरे शहरों से होकर सफर करना मजबूरी बन जाता है. फ्लायर्स ने एयरलाइन से जबलपुर से दिल्ली, नवी मुंबई और बैंगलुरु के लिए नियमित उड़ान सेवाएं बहाल करने तथा यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए पर्याप्त उड़ानों का संचालन सुनिश्चित करने की मांग की है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-