रेल यात्रियों को बड़ी राहत, ओवरनाइट एक्सप्रेस का सीहोर में ठहराव, अयोध्या स्पेशल दिसंबर तक चलेगी

रेल यात्रियों को बड़ी राहत, ओवरनाइट एक्सप्रेस का सीहोर में ठहराव, अयोध्या स्पेशल दिसंबर तक चलेगी

प्रेषित समय :19:54:09 PM / Thu, Jul 2nd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे ने जबलपुर के रेल यात्रियों को दोहरी सौगात दी है. एक ओर इंदौर-जबलपुर-इंदौर ओवरनाइट एक्सप्रेस को सीहोर रेलवे स्टेशन पर प्रायोगिक ठहराव दिया गया है, वहीं दूसरी ओर यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए जबलपुर-अयोध्या धाम साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन की अवधि दिसंबर 2026 तक बढ़ा दी गई है. रेलवे के इस फैसले से जबलपुर से इंदौर, सीहोर और अयोध्या की यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी.

रेल मंत्रालय के निर्देश पर पश्चिम मध्य रेलवे ने गाड़ी संख्या 22191/22192 इंदौर-जबलपुर-इंदौर ओवरनाइट एक्सप्रेस का सीहोर रेलवे स्टेशन पर 2 जुलाई 2026 से प्रायोगिक ठहराव शुरू कर दिया है. इसके तहत गाड़ी संख्या 22191 इंदौर-जबलपुर ओवरनाइट एक्सप्रेस रात 10:26 बजे सीहोर पहुंचेगी और दो मिनट के ठहराव के बाद रात 10:28 बजे जबलपुर के लिए रवाना होगी. वहीं गाड़ी संख्या 22192 जबलपुर-इंदौर ओवरनाइट एक्सप्रेस सुबह 6:08 बजे सीहोर पहुंचेगी और सुबह 6:10 बजे इंदौर के लिए प्रस्थान करेगी. रेलवे ने स्पष्ट किया है कि ट्रेन की अन्य समय-सारणी में कोई बदलाव नहीं किया गया है.

इसके अलावा अयोध्या धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे ने जबलपुर-अयोध्या धाम जंक्शन साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के संचालन की अवधि भी बढ़ा दी है. अब गाड़ी संख्या 01705 जबलपुर-अयोध्या धाम जंक्शन साप्ताहिक स्पेशल 21 जुलाई से 29 दिसंबर 2026 तक प्रत्येक मंगलवार को संचालित होगी. वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 01706 अयोध्या धाम जंक्शन-जबलपुर साप्ताहिक स्पेशल 22 जुलाई से 30 दिसंबर 2026 तक प्रत्येक बुधवार को चलेगी.

रेलवे ने इस स्पेशल ट्रेन के 24-24 अतिरिक्त फेरे चलाने की मंजूरी दी है. ट्रेन पूर्व निर्धारित ठहराव, समय-सारणी और कोच संरचना के अनुसार ही संचालित होगी. सावन, त्योहारी सीजन और वर्ष के अंतिम महीनों में अयोध्या जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है.

पश्चिम मध्य रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन के ठहराव और समय-सारणी की जानकारी एनटीईएस, रेल मदद, 139 हेल्पलाइन अथवा संबंधित रेलवे स्टेशनों से प्राप्त कर लें.

रेलवे के इन दोनों फैसलों से जबलपुर के यात्रियों को यात्रा के बेहतर विकल्प मिलेंगे. खासकर सीहोर के लिए सीधी रेल सुविधा और अयोध्या धाम के लिए वर्ष के अंत तक स्पेशल ट्रेन के संचालन से हजारों यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-