जबलपुर : कमल बारात घर में बारातियों का उत्पात, पथराव, जमकर मार पिटाई, दुल्हन के पिता और भाई घायल

जबलपुर : कमल बारात घर में बारातियों का उत्पात, पथराव, जमकर मार पिटाई, दुल्हन के पिता और भाई घायल

प्रेषित समय :13:20:57 PM / Sat, Jul 4th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. शहर के कोतवाली थानांतर्गत शिवनगर स्थित कमल बारात घर में बीती रात शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं जब विदाई से ठीक पहले हिंसक झड़प हो गई. चौकी ताल से आई बारात में शामिल विंदी चौधरी, कमल चौधरी और पारस चौधरी शराब के नशे में धुत होकर मेहमानों के बीच गाली-गलौज और हंगामा करने लगे. 

शारदा नगर निवासी दुल्हन के पिता परमीलाल उर्फ छुट्टन अहिरवार, उनके बेटे साहिल अहिरवार और ताऊ राजेश कुमार अहिरवार ने जब उपद्रवी बारातियों को शांत रहने की समझाइश दी, तो विवाद बढ़ गया. वधू पक्ष के लोगों ने अनुशासनहीनता के चलते तीनों युवकों को बारात घर से बाहर निकाल दिया. इस बात से नाराज आरोपियों ने सड़क किनारे पड़े पत्थरों से परमीलाल के परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया.

दुल्हन के परिजन अस्पताल में भर्ती

इस अचानक हुए पथराव में दुल्हन का भाई साहिल अहिरवार गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया, वहीं पिता परमीलाल और ताऊ राजेश कुमार के सिर व शरीर पर भी गंभीर चोटें आई हैं. घटना को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए. परिजनों ने घायलों को उपचार के लिए तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया है. मामले की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है. क्षेत्र में इस वारदात को लेकर भारी आक्रोश है और पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-