27 जुलाई से शनि देव मीन राशि के रेवती नक्षत्र में वक्री होने जा रहे हैं. ज्योतिषीय गणनाओं के अनुसार यह वक्री अवस्था 11 दिसंबर तक रहेगी. ज्योतिषाचार्यों का मानना है कि शनि की यह उल्टी चाल व्यक्तिगत जीवन से लेकर सामाजिक, प्रशासनिक और आर्थिक क्षेत्रों तक व्यापक प्रभाव डाल सकती है. इस दौरान लंबे समय से रुके हुए कार्यों में गति आने के साथ ही कई ऐसे मामलों से भी पर्दा उठ सकता है, जो अब तक गोपनीय बने हुए थे.
ज्योतिष विशेषज्ञ पंडित चंद्रशेखर नेमा हिमांशु के अनुसार शनि के वक्री होने का प्रभाव केवल व्यक्तिगत जीवन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि देश-दुनिया की परिस्थितियों पर भी इसका असर देखने को मिल सकता है. उनका कहना है कि जुलाई के अंतिम सप्ताह से लेकर वर्ष के अंत तक कई महत्वपूर्ण घटनाक्रमों से जुड़े नए तथ्य सामने आने की संभावना बन सकती है. प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर भी कुछ अप्रत्याशित बदलाव देखने को मिल सकते हैं, जिससे कई निर्णयों और नीतियों पर पुनर्विचार की स्थिति बन सकती है.
ज्योतिषीय दृष्टि से यह समय उन लोगों के लिए विशेष माना जा रहा है, जिनके कार्य लंबे समय से किसी कारणवश अटके हुए हैं. ऐसे मामलों में नई हलचल देखने को मिल सकती है. वहीं, पर्दे के पीछे चल रही गतिविधियां, लंबित विवाद और पुराने मामलों से जुड़े तथ्य भी सामने आने के संकेत माने जा रहे हैं. हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि इस अवधि में हर निर्णय धैर्य और विवेक के साथ लेना अधिक लाभकारी रहेगा.
आर्थिक मोर्चे पर भी शनि की वक्री चाल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है. ज्योतिषीय आकलन के अनुसार वर्ष के अंतिम महीनों में आर्थिक मंदी के संकेत अधिक स्पष्ट हो सकते हैं. व्यापार और निवेश की रफ्तार धीमी पड़ सकती है तथा वैश्विक स्तर पर आर्थिक चुनौतियां बढ़ने की संभावना व्यक्त की जा रही है. ऐसे समय में अनावश्यक जोखिम से बचने और सोच-समझकर निवेश करने की सलाह दी जा रही है.
व्यक्तिगत जीवन में शनि की वक्री अवस्था को धैर्य, अनुशासन और जिम्मेदारियों की परीक्षा का समय माना गया है. इस दौरान पुराने कर्मों के परिणाम सामने आ सकते हैं. इसलिए जल्दबाजी में निर्णय लेने से बचने और संयम बनाए रखने की सलाह दी गई है. विशेष रूप से मीन, कर्क, वृश्चिक और मकर राशि के जातकों को अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता बताई गई है. इसके अलावा जिन लोगों की जन्म कुंडली में शनि प्रमुख भावों को प्रभावित कर रहे हैं, उन्हें भी इस अवधि में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
ज्योतिषाचार्य पंडित चंद्रशेखर नेमा हिमांशु ने बताया कि शनि के शुभ प्रभाव प्राप्त करने और संभावित कठिनाइयों को कम करने के लिए शनिवार के दिन तिल के तेल का दीपक जलाना या तेल का दान करना लाभकारी माना गया है. इसके साथ ही काले तिल, उड़द अथवा अपनी क्षमता के अनुसार जरूरतमंदों को दान करने, शनि स्तोत्र और हनुमान चालीसा का नियमित पाठ करने तथा जीवन में ईमानदारी, धैर्य और अनुशासन बनाए रखने की सलाह दी गई है. उनका मानना है कि सकारात्मक आचरण और कर्म ही शनि की कृपा प्राप्त करने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं.
*पंडित चंद्रशेखर नेमा हिमांशु 9893280184
मां कामाख्या साधक जन्म कुंडली विशेषज्ञ वास्तु शास्त्री
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

