मुंबई. लगातार हो रही मूसलाधार बारिश मुसीबत बनती जा रही है, जिसने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. रविवार देर रात हुई भारी बारिश के कारण कर्जत और लोनावला के बीच दक्षिण-पूर्वी घाट खंड में भूस्खलन हो गया, जिसके कारण मुंबई-पुणे रेल मार्ग प्रभावित हो गया. यह भूस्खलन मध्य रेलवे के मुंबई डिवीजन की अप मेन लाइन पर ठाकुरवाड़ी और मंकी हिल लूप केबिन के बीच हुआ है.
कर्जत के पास ठाकुरवाड़ी रेलवे स्टेशन के नजदीक भारी लैंडस्लाइड होने से रेलवे की तीनों लाइनें प्रभावित हो गईं. ट्रैक पर मलबा आने के कारण रेल संचालन बाधित हो गया और कई ट्रेनों को बीच रास्ते में रोकना पड़ा.
रेल मंत्री ने की स्थिति की समीक्षा
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सेंट्रल रेलवे (सीआर) के महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव से बातचीत करने के बाद स्थिति की समीक्षा की. उन्होंने कहा, मुंबई-पुणे घाट खंड में रेलवे ट्रैक पर भारी भूस्खलन और चट्टानें (पत्थर) गिरने से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा की. टीम बहाली के लिए पूरी तरह से तैयार है. आज भी भारी बारिश की संभावना है. मैंने पश्चिमी रेलवे और मध्य रेलवे दोनों के अधिकारियों को सभी ट्रेन सेवाओं की शीघ्र बहाली सुनिश्चित करने के लिए एक टीम के रूप में काम करने का निर्देश दिया है.
मलबा हटाने का काम जारी
रेलवे की इंजीनियरिंग और आपदा राहत टीमें मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने और ट्रैक को जल्द से जल्द चालू करने में जुटी हुई हैं. इस बीच हालात उस समय और गंभीर हो गए जब तड़के करीब 3:05 बजे खंडाला और मंकी हिल स्टेशन के बीच मिडिल लाइन पर भी एक और लैंडस्लाइड हो गया.
गौरतलब है कि लगातार हो रही बारिश के चलते घाट सेक्शन में पहाडिय़ों से मलबा और पत्थर गिरने का सिलसिला जारी है. इससे रेल परिचालन को सुरक्षित रखना एक बड़ी चुनौती हो गया है. स्थिति को देखते हुए रेलवे ने कई ट्रेनों को रद कर दिया है.
सेंट्रल रेलवे ने सोमवार के लिए रद्द की ये ट्रेनें
22105/22106 सीएसएमटी-पुणे-सीएसएमटी इंद्रायणी एक्सप्रेस
12169/12170 पुणे-सोलापुर-पुणे इंटरसिटी एक्सप्रेस
12127/12128 सीएसएमटी-पुणे-सीएसएमटी इंटरसिटी एक्सप्रेस
11007/11008 सीएसएमटी-पुणे-सीएसएमटी डेक्कन एक्सप्रेस
12123/12124 सीएसएमटी-पुणे-सीएसएमटी डेक्कन क्वीन
12125/12126 सीएसएमटी-पुणे-सीएसएमटी प्रगति एक्सप्रेस
11009/11010 सीएसएमटी-पुणे-सीएसएमटी सिंहगढ़ एक्सप्रेस
11011/11012 सीएसएमटी-धुले-सीएसएमटी एक्सप्रेस
इसके अलावा 9 लंबी दूरी की ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से डायवर्ट किया गया. जिन ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है, उनमें- अहमदाबाद-कोल्हापुर एक्सप्रेस, इंदौर-दौंड एक्सप्रेस, अहमदाबाद-पुणे दुरंतो एक्सप्रेस, बीदर-सीएसएमटी एक्सप्रेस, हजूर साहिब नांदेड़-पनवेल एक्सप्रेस, चारलापल्ली-इंदौर हमसफर एक्सप्रेस, एलटीटी-एसएमवीटी बेंगलुरु एक्सप्रेस, दौंड-ग्वालियर सुपरफास्ट एक्सप्रेस और चेन्नई एग्मोर-सीएसएमटी मेल शामिल हैं.
रेल अधिकारियों के अनुसार, घाट खंड में भारी बारिश के कारण रेल पटरियों पर बड़े-बड़े पत्थर गिर गए. जिससे ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है. रेल पटरियों से मलबा हटाकर जल्द से जल्द रेल परिचालन बहाल करने के लिए टीमें मौजूद हैं.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-


