गुजरात : सूरत में बारिश-बाढ़ का कहर, 41 लोगों की मौत, पानी घटते ही मिले 13 और शव, लोग परेशान

गुजरात : सूरत में बारिश-बाढ़ का कहर! 41 लोगों की मौत, पानी घटते ही मिले 13 और शव, लोग परेशान

प्रेषित समय :11:07:57 AM / Fri, Jul 10th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

सूरत. गुजरात के सूरत में भारी बारिश और बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है. अब जैसे-जैसे बाढ़ का पानी उतर रहा है, तबाही की भयावह तस्वीर सामने आ रही है. पिछले 24 घंटों के दौरान शहर के अलग-अलग इलाकों से 13 और शव बरामद किए गए हैं. इसके साथ ही बाढ़ से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 41 हो गई है. लगातार शव मिलने से पूरे शहर में शोक का माहौल है और प्रशासन के सामने राहत एवं पुनर्वास की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है.

इन इलाकों में बाढ़ का सबसे ज्यादा कहर?

बाढ़ का सबसे ज्यादा असर लिंबायत, खरवासा, सरोली, भेस्तान, अमरोली और वालाक पाटिया जैसे इलाकों में है. लगातार हुई मूसलाधार बारिश के कारण ये क्षेत्र पूरी तरह से जलमग्न हो गए. झुग्गी-झोपडिय़ों के अलावा कई बहुमंजिला इमारतों के बेसमेंट में पानी भर गया है, जिससे लोगों को अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा.

कहां से मिल रहे शव?

पानी कम होने के साथ ही कई इलाकों में कीचड़, मलबे और जलभराव वाले स्थानों से शव मिलने का सिलसिला जारी है. बचाव और तलाशी अभियान के दौरान प्रशासन को अलग-अलग क्षेत्रों से शव मिल रहे हैं, जिसके चलते मृतकों की संख्या लगातार बढ़ रही है. प्रशासन मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया में जुटा हुआ है.

पेयजल और बिजली की किल्लत

राहत और सफाई अभियान तेजी से चलाया जा रहा है, लेकिन प्रभावित इलाकों के लोगों को अभी भी कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. कई स्थानों पर कीचड़ और गंदगी की मोटी परत जमी हुई है, जबकि पीने के पानी, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं की बहाली अभी भी चुनौती बनी हुई है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन की तैयारियों और राहत कार्यों को लेकर नाराजगी भी जताई है. वहीं प्रशासन का कहना है कि बचाव, सफाई और सर्वे का काम युद्धस्तर पर जारी है. प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ सभी प्रभावित क्षेत्रों में लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि कोई भी लापता व्यक्ति छूट न पाए

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-