जबलपुर: एनटीपीसी के मैनेजर से व्हाट्सएप कॉल के जरिये धोखाधड़ी, गवाएं 48 हजार, वरिष्ठ अधिकारी का फोन हैक कर वारदात

जबलपुर: एनटीपीसी के मैनेजर से व्हाट्सएप कॉल के जरिये धोखाधड़ी, गवाएं 48 हजार, वरिष्ठ अधिकारी का फोन हैक कर वारदात

प्रेषित समय :18:26:30 PM / Fri, Jul 10th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर शहर के गोराबाजार थाना क्षेत्र में घंसौर एनटीपीसी पावर प्लांट में मैनेजर के पद पर कार्यरत अमित राज गौतम ने पुलिस में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है. अमित राज गौतम ने बताया कि 8 जुलाई 2026 को दोपहर 1 बजकर 30 मिनट पर उन्हें अपने वरिष्ठ अधिकारी अभय कुमार साहू के व्हाट्सएप नंबर से कॉल आया. कॉल करने वाले ने खुद को अभय कुमार साहू बताते हुए तत्काल 48 हजार रुपये की जरूरत बताई और रुपये ट्रांसफर करने के लिए एक यूपीआई नंबर दिया.

मैनेजर ने बिना किसी संदेह के उस नंबर पर ऑनलाइन 48 हजार रुपये भेज दिए. रुपये भेजने के बाद उन्होंने गूगल पे पर मोनू कुमार का नाम देखा, जिसके बाद उन्हें शक हुआ और उन्होंने सीधे अपने वरिष्ठ अधिकारी अभय कुमार साहू से संपर्क किया.

व्हाट्सएप हैक कर जालसाजों ने चूना लगाया

उधर,अभय कुमार साहू ने बताया कि उनका व्हाट्सएप नंबर सुबह 11 बजे ही हैक हो चुका था और उन्होंने इसकी जानकारी साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दे दी थी. किसी अज्ञात व्यक्ति ने अभय कुमार साहू का नंबर हैक कर उनका व्हाट्सएप इस्तेमाल किया और मैनेजर से धोखाधड़ी को अंजाम दिया. गोराबाजार पुलिस ने अमित राज गौतम की रिपोर्ट पर धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है और अब इस पूरे प्रकरण की गहनता से विवेचना की जा रही है. पुलिस अब उन बैंक खातों की जानकारी जुटा रही है जिनमें रुपये ट्रांसफर किए गए हैं ताकि आरोपियों तक पहुँचा जा सके.

साइबर ठगों से सतर्क रहने की दी हिदायत

पुलिस ने आम नागरिकों को आगाह किया है कि व्हाट्सएप या अन्य सोशल मीडिया पर किसी भी वरिष्ठ अधिकारी या परिचित के नाम से पैसों की मांग आने पर सीधे कॉल करके पुष्टि जरूर करें. जल्दबाजी में किसी भी अनजान नंबर पर रुपये ट्रांसफर करना भारी पड़ सकता है. यदि कभी ऐसा कॉल आए तो तुरंत अपनी बैंक को सूचित करें और साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं. डिजिटल युग में ठग लगातार नए तरीके अपना रहे हैं, इसलिए अपनी निजी जानकारी और ओटीपी किसी के साथ भी साझा नहीं करना चाहिए. पुलिस विभाग इस मामले में तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रहा है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-