आलीराजपुर. एमपी के आलीराजपुर जिले के बोरी क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक विधवा महिला के घर में घुसकर लूटपाट की. बदमाशों ने महिला को बंधक बनाकर गैंगरेप किया. इस दौरान उसके प्राइवेट पार्ट में लकड़ी डाल दी. पीडि़ता को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश है. निष्पक्ष जांच, आर्थिक मदद और थाना प्रभारी को हटाने की मांग की की जा रही है. वहीं, पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. शनिवार को एसपी ने घटनास्थल का दौरा कर अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
8 किलो चांदी की तलाश में घर खोद डाला
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 8 से 10 हथियारबंद बदमाश दरवाजा तोड़कर पीड़ित महिला के घर में घुस गए. बदमाशों ने हथियारों के दम पर महिला को बंधक बनाया और निर्वस्त्र कर दिया. बदमाशों को शक था कि महिला ने घर में 8 किलोग्राम चांदी छिपा रखी है. डरी-सहमी महिला ने अपने पास की 1 किलोग्राम चांदी उन्हें सौंप दी, लेकिन वे बाकी चांदी की मांग पर अड़े रहे. चांदी की तलाश में बदमाशों ने घर का सामान बिखेर दिया और भीतर तीन से चार जगह खुदाई की.
अस्पताल में भर्ती, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए. बोरी थाना पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है.
निष्पक्ष जांच, आर्थिक मदद और थाना प्रभारी को हटाने की मांग
आलीराजपुर जिले के बोरी क्षेत्र में आदिवासी विधवा महिला के साथ लूट और सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश है. आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष और कांग्रेस नेता महेश पटेल ने इसे मानवता को शर्मसार करने वाला अपराध बताते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं.
मांगें पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
महेश पटेल ने कहा कि अगर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई और थाना प्रभारी को हटाने की मांग पर अमल नहीं हुआ, तो आदिवासी विकास परिषद पूरे जिले में व्यापक जन आंदोलन करेगी.
एसपी पहुंचे घटनास्थल, मौका मुआयना किया
विधवा महिला के साथ लूट और सामूहिक दुष्कर्म की वारदात के बाद शनिवार को आलीराजपुर एसपी रघुवंश सिंह भदौरिया पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे. उन्होंने पीडि़त महिला के घर और आसपास के इलाके का बारीकी से मुआयना किया.

