एमपी सतना स्टेशन पर यूपी के व्यक्ति ने खोया आपा, आरपीएफ सिपाही की लाठी छीनकर जमकर की पिटाई

एमपी सतना स्टेशन पर यूपी के व्यक्ति ने खोया आपा, आरपीएफ सिपाही की लाठी छीनकर जमकर की पिटाई

प्रेषित समय :17:15:41 PM / Sun, Jul 12th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

सतना. एमपी के सतना रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ जवान के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. प्लेटफार्म नंबर एक पर युवक ने पुलिस का डंडा छीनकर उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. घटना से स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई. मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह युवक को काबू किया. मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी.

रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 पर शनिवार की देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक यात्री ने पुलिस जवान की पिटाई कर दी. जानकारी के अनुसार, बिहारी लाल नामक व्यक्ति रेलवे ट्रैक पार करने की कोशिश कर रहा था, इसी बीच एक आरपीएफ जवान युवक को ऐसा करने से रोक दिया. इससे नाराज होकर युवक ने स्टेशन पर जमकर हंगामा किया और उसके बाद प्रधान आरक्षक से बहस करने लगा. देखते ही देखते आरोपी ने पुलिस जवान की लाठी छीन ली और उसी पर लाठी से दे-दनादन हमला कर दिया.

जवान पर हमले करने वाला युवक गिरफ्तार

जवान की पिटाई होता देख मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया और पुलिस को सूचना दी. जिसके बाद उस व्यक्ति को जीआरपी और आरपीएफ ने हिरासत में लेकर थाने ले गई. आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिला निवासी बिहारी लाल (36) के रूप में हुई है. जीआरपी थाना प्रभारी राजेश राज ने बताया, नशे की हालत में एक व्यक्ति रेलवे ट्रैक पार करने का प्रयास कर रहा था. इस दौरान प्रधान आरक्षक गोविंद नारायण सिंह ने उसे ट्रैक पार करने से रोक दिया. इससे नाराज होकर आरोपी ने जवान की लाठी छीनकर उसी पर हमला कर दिया. पंडित गोविंद नारायण सिंह ने मामले की लिखित शिकायत की है. शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करते हुए शासकीय कार्य के बाधा पहुंचना की कार्रवाई की गई.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-