डॉ संगीता अजय पांडेय
सनातन धर्म में कहा जाता है कि केवल भक्त ही भगवान से मिलने नहीं जाते, भगवान भी भक्तों से मिलने आते हैं. इसका सबसे बड़ा उदाहरण ओडिशा के पुरी में देखने को मिलता है; जहां भगवान जगन्नाथ अपने भक्तों से मिलने निकलते हैं. यह कहना गलत नहीं होगा कि भगवान जगन्नाथ कलयुग में मनुष्य की पीड़ा हरने वाले एक साक्षात देव हैं. ओडिशा के पुरी धाम में भगवान जगन्नाथ अपने भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ रहते हैं. इसीलिए इसे धरती का बैकुंठ कहा जाता है. इस बैकुंठ के बारे में जानना भी बहुत दिलचस्प है. रोचक है और अद्भुत है.
विग्रह के उत्पत्ति की कथा
कहते हैं सतयुग में राजा इंद्रद्युम्न भगवान विष्णु के बहुत बड़े भक्त थे. एक दिन उन्हें स्वप्न आया कि पुरुषोत्तम क्षेत्र यानी आज की पुरी में समुद्र के किनारे नील माधव के रूप में भगवान विराजमान हैं. राजा ने वहां जाकर देखा तो उन्हें एक नीले रंग की मूर्ति मिली. कुछ समय बाद वह मूर्ति भी गायब हो गई. तब भगवान ने फिर उनसे स्वप्न में कहा - "हे राजा, समुद्र के किनारे तुम्हें एक दारू का लट्ठा मिलेगा. उसी से मेरी मूर्ति बनवाओ."
राजा को सच में समुद्र से एक विशाल लकड़ी का लट्ठा मिला. उन्होंने देश भर के कारीगर बुलवाए पर कोई भी उसे काट नहीं पाया. तब एक बूढ़े बढ़ई के रूप में स्वयं भगवान विश्वकर्मा आए और उन्होंने शर्त रखी - "मैं 21 दिन में मूर्ति बनाऊंगा, पर इस बीच कोई दरवाजा नहीं खोलेगा."
15 दिन बाद रानी की जिद पर दरवाजा खोल दिया गया. अंदर विश्वकर्मा जी गायब थे और मूर्तियाँ अधूरी थीं - बिना हाथ-पैर की. तब आकाशवाणी हुई कि "यही मेरा रूप है. कलयुग में मेरी इसी रूप में पूजा होगी."
उसी दिन से भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा जी की बिना हाथ-पैर वाली लकड़ी की मूर्तियाँ पुरी में विराजमान हैं. मान्यता है कि श्री कृष्ण का हृदय आज भी जगन्नाथ जी की मूर्ति में धड़कता है. इसीलिए इन्हें 'दारू ब्रह्म' कहते हैं.
श्री जगन्नाथ मंदिर और ध्वज की महिमा
पुरी का जगन्नाथ मंदिर लगभग 1000 साल पुराना है. इसकी ऊंचाई 214 फीट है. मंदिर की सबसे बड़ी खासियत इसका नील चक्र और ध्वज है.
मंदिर के ऊपर जो ध्वज लगता है वह हवा की दिशा के विपरीत लहराता है. शाम को पुजारी रोज ध्वज बदलते हैं. मान्यता है कि अगर एक दिन भी ध्वज न बदला गया तो मंदिर 18 साल के लिए बंद हो जाएगा. मंदिर के ऊपर से कोई पक्षी या हवाई जहाज भी नहीं उड़ता.
बचपन से सुनते आये हैं कि भारत में चार धाम हैं - बद्रीनाथ, द्वारका, रामेश्वरम और जगन्नाथ पुरी. मान्यता है कि भगवान विष्णु बद्रीनाथ में ध्यान लगाते हैं, रामेश्वरम में स्नान करते हैं, पुरी में भोजन करते हैं और द्वारका में विश्राम करते हैं.
श्री जगदीश महाप्रभु जी की प्रसिद्ध द्वादश यात्राएं
पुरी में साल भर भक्तों का तांता लगा रहता है. यहाँ हर महीने कोई न कोई उत्सव होता है. उनमें से 12 विशिष्ट उत्सव रूप में पालन होता है ,जो द्वादश यात्रा के नामों से प्रचलित हैं .इस बारे में नीलाद्री में एक श्लोक प्रचलित है -
" मंचेस्नानं रथवर गति शयनं चायनद्वयं पार्श्ववृत्ति शयन निवृत्ति प्राबरःपूष्यपूजा. दोल केलिर्दमनक महदक्षपूजा तृतीया चैत्रयात्रा विधिनिगदिता द्वादशेयं नरेन्द्र .."
श्लोक वर्णित द्वादश यात्रा हैं-
(१) चन्दन यात्रा (२) स्नान यात्रा (३) रथ यात्रा या श्रीगुण्डिचा यात्रा (४) हरिशयन एकादशी यात्रा (५) दक्षिणायन यात्रा (६) पार्श्वपरिवर्तन यात्रा (७) हरिउत्थापन (देवोत्थापन) यात्रा (८) पुष्याभिषेक यात्रा (९) प्रावण षष्ठि (ओढ़ण षष्ठि) यात्रा (१०) मकरसंक्रान्ति यात्रा (११) दोल यात्रा (१२) दयणाचोरि (दमनक चतुर्दशी) यात्रा . इन यात्राओं में से कुछ जगत प्रसिद्ध यात्राओं का वर्णन -
1. चंदन यात्रा - यह यात्रा वैशाख शुक्ल तृतीया से 42 दिन तक होती है. नरेंद्र सरोवर में यह यात्रा 21 दिन की होती है. इसे बाहर चंदन यात्रा कहते हैं. श्री मंदिर के भीतर 21 दिन तक यह यात्रा होती है. इसे भीतर चंदन यात्रा कहते हैं. इस प्रारंभिक तिथि को अक्षय तृतिया भी कहा जाता है. अक्षय तृतीया के दिन श्री जगन्नाथ जी के प्रतिनिधि रामकृष्ण ,मदन मोहन, लक्ष्मी, सरस्वती और पंचपांडव, श्रीलोकनाथ, श्रीयमेश्वर ,श्रीकपालमोचन , श्रीमारकंडेश्वर एवं श्रीनीलकण्ठेश्वर अपनी अपनी पालकी पर बैठकर जलविहार के लिए नरेंद्र तालाब तक ले जाये जाते हैं . इसके बाद इन देवी देवताओं को सुसज्जित चाप (नाव) में बैठाकर सरोवर की एक ओर से दूसरे छोर तक घुमाया जाता है. बाद में देवी देवताओं को सरोवर के बीच अवस्थित चंदन घर में लाकर वहां सुव्यवस्थित जल से कुछ समय तक रखा जाता है. इसके बाद रामकृष्ण एवं मदनमोहन सिंहासन को आते हैं और यहां माण्डुअ(एक प्रकार का पीठा) भोग अर्पण किया जाता है . बाद में एक बार फिर नाव में बैठकर घूमने के बाद श्री मंदिर वापस आते हैं .
इन 21 दिन तक मूर्ति को चंदन लगाया जाता है. ज्येष्ठ कृष्ण एकादशी ,सावित्री अमावस्या, शीतल षष्ठी एवं रुक्मणी एकादशी यह चार दिन जल क्रीड़ा मंडप में जल क्रीड़ा होती है.
2. स्नान यात्रा - हर साल ज्येष्ठ पूर्णिमा (देव स्नान पूर्णिमा) के दिन श्री जगन्नाथ जी का स्नान यात्रा उत्सव मनाया जाता है. इस दिन भगवान को 108 कलशों से स्नान कराया जाता है. इसके बाद 15 दिन तक भगवान बीमार होकर "अनासर" में रहते हैं.
3. रथ यात्रा - श्री जगन्नाथ जी की सारी यात्राओं में रथ यात्रा या गुण्डिचा यात्रा सर्वश्रेष्ठ है . पुरी की रथ यात्रा भारत तथा विदेश में भी मशहूर है . यह यात्रा अषाढ़ शुक्ल द्वितीया तिथि को होती है. महाप्रभु श्री जगन्नाथ जी, बड़े भाई बलभद्रजी बहन सुभद्रा देवी, सुदर्शन और मदन-मोहन मूर्तियों को पहण्डि बिजे कराके विविध कपड़ों से सुसज्जित तीनों रथों पर बैठाया जाता है . इसके बाद ही पुरी के राजा हाथी घोड़ा पालकी आदि सजावट के साथ वहां आते हैं और रथों पर सोने की झाड़ू लगाकर चंदन छिड़कते हैं. तदुपरान्त बड़ी धूम-धाम से रथों पर आसीन तीन मूर्तियों को श्री गुण्डिचा मंदिर (जनकपुर) की ओर रस्सी से खींच-खींच कर ले जाया जाता है और वहां सात दिन रहकर दशमी के दिन श्री मंदिर वापस आते हैं. इस बार 2026 में यह यात्रा 16 जुलाई से शुरू होकर 24 जुलाई को समाप्त होगी.
उल्टा रथ / बहुड़ा यात्रा- पूरे 9 दिनों के बाद अषाढ़ शुक्ल दशमी को भगवान वापस मंदिर लौटते हैं.
सुनाबेश - उल्टा रथ के दिन भगवान को सोने के गहने पहनाए जाते हैं.
यात्रा के दिन तीनों भगवानों को नए-नये कपड़े पहनाकर बड़े-बड़े रथों में बिठाया जाता है. फिर पुरी के राजा खुद आकर सोने की झाड़ू से रास्ता साफ करते हैं. इसे छेरा पहरा कहते हैं. उसके बाद भक्त लोग 'जय जगन्नाथ' के नारे लगाते हुए रथ की रस्सी खींचते हैं.
ऐसी लोक मान्यता है कि जो भक्त एक बार रथ यात्रा में शामिल हो जाए, उसके सारे पाप धुल जाते हैं. शास्त्रों में भी कहा गया है:
"रथस्थो वामनं दृष्ट्वा पुनर्जन्म न विद्यते"_
(स्कंद पुराण)
अर्थात रथ पर विराजमान भगवान जगन्नाथ के दर्शन मात्र से मनुष्य को मोक्ष की प्राप्ति होती है.
पुरी में आना केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नहीं है; यह पर्यटन का भी मुख्य केंद्र माना गया है.
पुरी के प्रमुख मंदिर एवं पर्यटन स्थल_
1. जगन्नाथ मंदिर -पुरी का जगन्नाथ मंदिर ओडिशा में समुद्र किनारे स्थित है. यह भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा का प्रसिद्ध धाम है. इसे 12वीं सदी में राजा अनंतवर्मन चोडगंग देव ने बनवाया था. यहाँ भगवान की मूर्तियां नीम की लकड़ी से बनी हैं जिन्हें हर 12 साल में बदला जाता है. मान्यता है कि इस मंदिर में सच्चे मन से दर्शन करने से सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं.
2. गुंडिचा मंदिर- श्री मंदिर से लगभग दो किलोमीटर की दूरी पर उत्तर दिशा में श्री गुन्डिचा मंदिर (जनकपुर) है. इसे भगवान के मौसी का घर भी कहते हैं. रथ यात्रा के दौरान 9 दिन तक भगवान यहीं रहते हैं.
3. लोकनाथ मंदिर - यह भगवान शिव का सबसे प्राचीन मंदिर है. यहाँ का शिवलिंग साल भर पानी में डूबा रहता है. ऐसी लोक मान्यता है कि ये श्री जगन्नाथ जी के भंडार रक्षक हैं. कहा जाता है कि श्री राम जी ने लंका जाते समय यहां शिव जी की पूजा की थी.
4. साक्षी गोपाल मंदिर- पुरी जाते समय रास्ते में पिपिल से करीब 18 मील की दूरी पर साक्षीगोपाल मंदिर आता है. इस मंदिर में श्री कृष्ण जी की सुंदर मूर्ति विराजित है. इसे सत्यवादी भी कहा जाता है . कार्तिक महीने को आंवला नवमी में यहां मेला लगता है. मान्यता है यहाँ भगवान ने एक भक्त के लिए गवाही दी थी.
5. बिराजा मंदिर - माँ दुर्गा की शक्तिपीठ है, जो पुरी से 2 घंटे की दूरी पर है.
प्रमुख पर्यटन स्थल-
6. पुरी समुद्र तट -श्री मंदिर की दक्षिण-पूर्व दिशा में समुद्र अवस्थित है. इसे महोदधि (बंगाल की खाड़ी ) कहते हैं यहां एक घाट है ,जिसका नाम स्वर्गद्वार है. यहां मृत आदमी के शव का दाह संस्कार किया जाता है. हिंदुओं का विश्वास है कि पुरी में मरने वाले किसी व्यक्ति का शव अगर स्वर्गद्वार में दाह किया जाए तो उस व्यक्ति की आत्मा मुक्त हो जाती है. इस समुद्र में स्नान करना आनंद दायक है. यहाँ सुबह की आरती बहुत प्रसिद्ध है.
7. कोणार्क सूर्य मंदिर - कोणार्क सूर्य उपासना का प्रधान पीठ है. यह पुरी से करीब 36 किलोमीटर की दूरी पर है. कोणार्क सूर्य मंदिर का निर्माण सन् 1200 ईस्वी में उत्कल नरेश लांगुला नरसिंह देव जी ने किया था . 1200 शिल्पियों की कड़ी मेहनत से 12 साल में 12 साल के राजस्व खर्च से इस मंदिर का निर्माण कार्य संपन्न हुआ था . इस मंदिर पर की गई खुदाई और कारीगरी कौशल को देखकर कोई भी आदमी दंग रह जाता है . इसी लिए यह यूनेस्को की विश्व धरोहर है. इसे 'ब्लैक पैगोडा' भी कहते हैं.
8. चिल्का झील - एशिया की सबसे बड़ी खारे पानी की झील है. यहाँ डॉल्फिन और प्रवासी पक्षी देखे जा सकते हैं. यह पुरी से 165 किलोमीटर और भुवनेश्वर से 105 किलोमीटर की दूरी पर है
9. रघुराजपुर शिल्प ग्राम - यहाँ के पट्टचित्र और ताड़पत्र के चित्र पूरे विश्व में प्रसिद्ध हैं.
इसलिए कहा जाता है कि पुरी आना मतलब एक ही यात्रा में धर्म, संस्कृति और प्रकृति तीनों का आनंद लेना है.

