मुंबई. अभिनेता अर्जुन बिजलानी ने अभिनेत्री मौनी रॉय के साथ अपने रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही डेटिंग की अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया है. हाल ही में दोनों को डिनर के बाद साथ देखा गया था, जिसके बाद कुछ सोशल मीडिया और पैपराजी पेजों ने उनके रिश्ते को लेकर अटकलें लगानी शुरू कर दीं. इन खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए अर्जुन ने कहा कि वर्षों पुरानी दोस्ती को सनसनीखेज सुर्खियों में बदलना गलत है और मीडिया को तथ्य जांचने के बाद ही खबरें प्रकाशित करनी चाहिए.
अर्जुन बिजलानी ने सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में कहा कि दो लोग, जो पिछले 15 वर्षों से अच्छे दोस्त हैं, किसी गॉसिप पेज की सुर्खियों के कारण अचानक प्रेम संबंध में नहीं आ जाते. उन्होंने कहा कि कठिन समय में किसी दोस्त के साथ खड़ा होना सामान्य मानवीय व्यवहार है और हर दोस्ती को रोमांटिक रिश्ते का नाम देना उचित नहीं है. अभिनेता ने कहा कि कुछ प्लेटफॉर्म केवल अधिक व्यूज़ और क्लिक पाने के लिए झूठी कहानियां गढ़ रहे हैं, जिससे लोगों की निजी जिंदगी प्रभावित होती है.
उन्होंने मीडिया और सोशल मीडिया पेजों से जिम्मेदार पत्रकारिता करने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी खबर को प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की पुष्टि करना आवश्यक है. अर्जुन ने कहा कि भ्रामक और आधारहीन खबरें न केवल भ्रम पैदा करती हैं बल्कि संबंधित लोगों की निजता का भी उल्लंघन करती हैं. उनके अनुसार विश्वसनीय पत्रकारिता तथ्यों पर आधारित होती है, जबकि क्लिकबेट केवल सनसनी फैलाने का माध्यम बन जाता है.
अभिनेत्री क्रिस्टल डिसूजा ने भी इन अफवाहों पर नाराजगी जताई. उन्होंने संबंधित पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि केवल व्यूज़ बढ़ाने के लिए किसी भी तरह की मनगढ़ंत बातें प्रकाशित करना गलत है. उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे ऐसे दावों की आलोचना की और इन्हें पूरी तरह निराधार बताया.
अर्जुन बिजलानी और मौनी रॉय की दोस्ती लगभग 15 वर्षों पुरानी है. दोनों ने वर्ष 2015 में एकता कपूर के लोकप्रिय धारावाहिक 'नागिन' में साथ काम किया था, जहां उनकी जोड़ी को दर्शकों ने काफी पसंद किया था. पर्दे के बाहर भी दोनों हमेशा एक-दूसरे को अपना अच्छा मित्र बताते रहे हैं और कई अवसरों पर एक-दूसरे का समर्थन करते दिखाई दिए हैं. मौनी रॉय ने भी पहले कई बार कहा है कि उनके और अर्जुन के बीच केवल मजबूत दोस्ती का रिश्ता है.
यह पूरा विवाद ऐसे समय सामने आया है जब मौनी रॉय ने कुछ समय पहले अपने पति सूरज नांबियार से अलग होने की पुष्टि की थी. दोनों ने संयुक्त बयान जारी कर कहा था कि उन्होंने आपसी सहमति से अलग होने का निर्णय लिया है और अपनी निजी जिंदगी को लेकर फैलाए जा रहे काल्पनिक दावों से बचने की अपील की थी. उन्होंने लोगों और मीडिया से उनकी निजता का सम्मान करने का अनुरोध भी किया था.
कार्य क्षेत्र की बात करें तो मौनी रॉय हाल ही में 'द भूतनी' और 'सलाकार' में नजर आई थीं. इसके अलावा वह वेब सीरीज 'अब होगा हिसाब' में भी दिखाई दीं और जल्द ही फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' में अभिनय करती नजर आएंगी. वहीं अर्जुन बिजलानी लगातार टेलीविजन और डिजिटल मंचों पर सक्रिय हैं.