रीवा. एमपी के रीवा जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के छुहिया घाटी में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे दीपक ट्रेवल्स और चतुर्वेदी ट्रेवल्स की यात्री बसों की आमने-सामने टक्कर हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बसों के अगले हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई. हादसे में करीब 15 यात्री घायल हो गए. घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलते ही गोविंदगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से बसों में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को एंबुलेंस व अन्य वाहनों से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में सभी घायलों का उपचार जारी है. चिकित्सकों के अनुसार, फिलहाल सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है और किसी की स्थिति गंभीर नहीं है.
जानकारी के अनुसार, हादसे में दीपक ट्रेवल्स के ड्राइवर की लापरवाही सामने आ रही है. बताया जा रहा है कि बस के अनियंत्रित होने के कारण सामने से आ रही चतुर्वेदी ट्रेवल्स की बस से उसकी भिड़ंत हो गई. हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा. हादसे के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित रहा. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बसों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए.
पुलिस ने दोनों बसों के ड्राइवरों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ शुरू कर दी है. दुर्घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल सभी घायल खतरे से बाहर हैं और उनका उपचार जारी है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

