रायपुर. राजधानी रायपुर में चलती ट्रेन में मोबाइल चोरी के संदेह में एक युवक को लात मारकर ट्रेन से नीचे गिराने का मामला सामने आया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शासकीय रेल पुलिस (GRP) और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी यात्री को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, ट्रेन से गिरकर घायल हुए युवक की तलाश जारी है.
पुलिस के अनुसार, घटना 15 जुलाई को आजाद हिंद एक्सप्रेस में उस समय हुई, जब ट्रेन उरकुरा और मांढ़र रेलवे स्टेशनों के बीच रायपुर की ओर बढ़ रही थी. सफर के दौरान एक युवक पर मोबाइल चोरी का आरोप लगा. भीड़ के गुस्से से बचने के लिए युवक ट्रेन के दरवाजे के बाहर फुटबोर्ड पर लटक गया, लेकिन ट्रेन के अंदर मौजूद एक यात्री ने उसे बचाने के बजाय लगातार लात मारनी शुरू कर दी.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लगातार हमले के चलते युवक का संतुलन बिगड़ गया और ट्रेन की रफ्तार कम होने के दौरान उसका हाथ छूट गया, जिससे वह रेलवे ट्रैक पर गिर पड़ा. बताया जा रहा है कि युवक को गंभीर चोटें आई हैं.
घटना का वीडियो दूसरे कोच में यात्रा कर रहे एक यात्री ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो सामने आने के बाद रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी ने जांच शुरू की और आरोपी की पहचान आर. सुरेश कुमार के रूप में की.
पुलिस ने आरोपी को जांजगीर-चांपा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतारकर हिरासत में लिया और बाद में रायपुर जीआरपी को सौंप दिया. आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) और 117(3) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया है.
इधर, जीआरपी की टीमें उरकुरा से मांढ़र के बीच रेलवे ट्रैक, आसपास के गांवों और अस्पतालों में घायल युवक की तलाश कर रही हैं. पुलिस का कहना है कि युवक के मिलने के बाद उसका मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा और पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

