रायपुर में आमानाका ओवरब्रिज पर बेकाबू कार ने आधा दर्जन लोगों को रौंदा, फरार हुई महिला ड्राइवर

रायपुर में आमानाका ओवरब्रिज पर बेकाबू कार ने आधा दर्जन लोगों को रौंदा, फरार हुई महिला ड्राइवर

प्रेषित समय :15:40:37 PM / Fri, Jul 24th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

रायपुर. राजधानी रायपुर के आमानाका ओवरब्रिज पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया. दुर्ग की ओर से पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय दिशा में आ रही एक बेहद तेज रफ्तार कार ने फ्लाईओवर की ढलान पर आधा दर्जन से अधिक लोगों और कई दोपहिया वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई, जबकि कार चला रही महिला चालक वाहन लेकर मौके से रफूचक्कर हो गई.

तेज रफ्तार और लापरवाही बनी हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना सुबह करीब 10 बजे हुई. सफेद रंग की कार (क्रमांक CG-04-PX-8883) को एक महिला बेहद लापरवाही और अनियंत्रित गति से चला रही थी. ओवरब्रिज की ढलान पर कार अचानक बेकाबू हो गई और सामने चल रहे राहगीरों व बाइक सवारों को कुचलती हुई निकल गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.

सड़क पर गिरी नंबर प्लेट बनी पुलिस का सबसे बड़ा सुराग
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के दौरान कार की नंबर प्लेट टूटकर सड़क पर ही गिर गई. घटना की सूचना मिलते ही सरस्वती नगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने सड़क पर पड़ी नंबर प्लेट के आधार पर कार मालिक की पहचान कर ली है और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार महिला चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके.

घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है. फिलहाल पुलिस घायलों के बयान दर्ज कर रही है और उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर बनाए हुए है. हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए मामले की विस्तृत जांच की जा रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-